बाड़मेर। राजस्थान में निकाय चुनाव 2026 के बीच बयानबाजी का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। रविवार को बाड़मेर में आयोजित सामाजिक सद्भावना बैठक के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर तीखे जुबानी तीर चलाए। राठौड़ ने दावा किया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को वोट की चोट से सबक सिखाना बेहद जरूरी है, तभी ये लोग राष्ट्रभक्त बनेंगे और ‘भारत माता की जय’ बोलेंगे।
इस बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी और बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने बीजेपी को नफरती राजनीति करने वाला करार दिया और तीखे सवाल दागे।
यह खबर भी पढ़ें:-CM के रोड शो पर भड़के शांति धारीवाल, बोले- ‘पहली बार देखा ऐसा मंजर, बीजेपी में खौफ’
‘राहुल गांधी पर अमेरिका-यूरोप का इन्वेस्टमेंट बेकार हो गया’
बाड़मेर में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मदन राठौड़ ने विदेशी फंडिंग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा— “भारत की तेज प्रगति से दुनिया के कई देश जलते हैं, इसीलिए अमेरिका और यूरोप ने विपक्ष को पैसा देना शुरू किया। लेकिन राहुल गांधी पर किया गया इन्वेस्टमेंट पूरी तरह बेकार साबित हुआ, क्योंकि वे ऐसा बयान दे देते हैं जिससे फायदा उल्टा बीजेपी को ही हो जाता है।”
राठौड़ ने आगे कहा कि जब यह तरीका विफल रहा तो अब विरोधी ताकतें देश को अस्थिर करने के लिए ऐसे लोगों पर निवेश कर रही हैं जो बेवजह विवाद पैदा करते हैं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
309 निकायों में जीत का लक्ष्य और बागियों को कड़ी चेतावनी
मदन राठौड़ ने पार्टी नेताओं से कहा कि प्रदेश के सभी 309 नगर निकायों और बाड़मेर की सभी 55 वार्ड सीटों को जीतकर यह संदेश देना होगा कि जनता राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
इसके साथ ही उन्होंने चुनाव मैदान में डटे बागी कार्यकर्ताओं को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो बागी समय रहते पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आ जाएंगे, केवल उन्हें ही आने वाले समय में संगठनात्मक नियुक्तियों में सम्मान दिया जाएगा।
कांग्रेस का कड़ा पलटवार: ‘विदेशी फंड आ रहा है तो जांच कराकर जेल भेजो’
मदन राठौड़ के बयानों पर कांग्रेस नेताओं ने जोरदार हमला बोला। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकारें अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए हमेशा छद्म राष्ट्रभक्ति का सहारा लेती हैं।
चौधरी ने कहा— “देश में सभी जांच एजेंसियां बीजेपी सरकार के पास हैं। अगर विदेश से फंड आ रहा है तो मदन राठौड़ बयानबाजी करने के बजाय जांच करवाकर आरोपियों को सजा क्यों नहीं दिलवाते? जब युवा बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पर सवाल उठाते हैं तो उन्हें देशद्रोही साबित करने की कोशिश की जाती है। पूरी दुनिया जानती है कि अमेरिका के सामने कौन सरेंडर कर रहा है।”
यह खबर भी पढ़ें:-18 टोल प्लाजा और 400 CCTV की जांच, फिर पकड़ा गया करोड़ों की चोरी करने वाला गिरोह
‘नफरती शब्दबाण छोड़ रहे बीजेपी नेता’: सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल
कांग्रेस सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने राठौड़ के बयान की निंदा करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार का दावा करने वाले भाजपा नेताओं के पास विकास के नाम पर वोट मांगने का कोई नैतिक आधार नहीं बचा है। इसी बौखलाहट में वे नफरती शब्दबाण चला रहे हैं। बेनीवाल ने कहा कि बीजेपी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील करके देश के किसानों और स्थानीय उद्योगों का गला घोंटा है, ऐसे में उन्हें किसी को भी देशभक्ति का सर्टिफिकेट देने का कोई अधिकार नहीं है।



