नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को जान से मारने की धमकी दी गई है। मंगलवार सुबह उन्हें एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें उन्हें बम से उड़ाने की बात कही गई है। इस धमकी भरे संदेश के सामने आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए और विधानसभा परिसर समेत आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
यह खबर भी पढ़ें:-CM के रोड शो पर भड़के शांति धारीवाल, बोले- ‘पहली बार देखा ऐसा मंजर, बीजेपी में खौफ’
पुलिस महकमा अलर्ट, जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां
धमकी की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। सुरक्षा तंत्र ने बिना कोई जोखिम उठाए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए हैं। बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस की टीम विधानसभा परिसर और अध्यक्ष से जुड़े स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चला रही है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी कड़ाई से पालन किया जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें:-18 टोल प्लाजा और 400 CCTV की जांच, फिर पकड़ा गया करोड़ों की चोरी करने वाला गिरोह
साइबर सेल खंगाल रही ईमेल का आईपी एड्रेस
किस साइबर ठिकाने से यह धमकी भरा ईमेल भेजा गया है, इसका पता लगाने के लिए दिल्ली पुलिस की साइबर सेल को एक्टिव कर दिया गया है। पुलिस ईमेल के आईपी (IP) एड्रेस और सर्वर डिटेल्स को ट्रैक करने में जुटी है, ताकि फर्जी या स्पूफ्ड ईमेल भेजने वाले का जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जा सके।
फिलहाल, इस मामले में जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जल्द ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।



