फरीदाबाद, हरियाणा। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग विवाद को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनके पड़ोसी मोनू शर्मा ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से करीब 15 राउंड फायरिंग की। इनमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग में कुत्ते को पॉटी कराने और गाड़ी खड़ी करने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे। उन्होंने अपनी निर्धारित पार्किंग जगह पर खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उन पर गोलियां चला दीं।
पार्किंग को लेकर पहले भी हो चुका था विवाद
परमजीत का परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-21C स्थित बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता था, जबकि आरोपी मोनू शर्मा का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता था। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के अनुसार, करीब 4-5 दिन पहले भी मोनू और परमजीत के बेटे शौर्य के बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि, उस समय दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझ गया था।
वारदात के बाद परिवार समेत फरार हुआ आरोपी
फायरिंग की वारदात के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने परिवार के साथ फरार हो गया। परमजीत के बेटे शौर्य की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से पुलिस को कारतूसों के खाली खोल मिले हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सिंगापुर से भांजे की शादी में शामिल होने आए थे परमजीत
परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे और टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर कार्यरत थे। वह 5 नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था, लेकिन शादी की खुशियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।



