अजमेर। राजस्थान के अजमेर में दीपावली के मौके पर पटाखे चलाते समय बड़ा हादसा हो गया। नगरा इलाके के शंकर नगर में बच्चों द्वारा सुतली बम पर स्टील का गिलास रखने से जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि स्टील के गिलास के टुकड़े आसपास मौजूद बच्चों के शरीर में जा धंसे। हादसे में चार बच्चों को चोटें आईं, जिनमें दो को गंभीर चोटें लगी हैं। घायल बच्चों को जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक बालक दिशांत की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसके पेट में स्टील के गिलास का करीब 10 सेंटीमीटर लंबा टुकड़ा धंस गया। डॉक्टर उसकी सर्जरी कर टुकड़ा निकालने की तैयारी कर रहे हैं।
सुतली बम पर स्टील का गिलास रखने से हुआ धमाका
अलवर गेट थाना प्रभारी नरेंद्र जाखड़ ने बताया कि दीपावली को देखते हुए धान क्षेत्र के नगरा स्थित शंकर नगर में बच्चे पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे ने सुतली बम के ऊपर स्टील का गिलास रखकर उसमें आग लगा दी। सुतली बम फटते ही तेज धमाका हुआ और स्टील के गिलास के टुकड़े आसपास खड़े बच्चों को जा लगे। हादसे में चार बच्चे घायल हुए, जिनमें दो को गंभीर चोटें आईं।
बालक के पेट में धंसा 10 सेंटीमीटर का स्टील का टुकड़ा
हादसे में दिशांत के पेट में स्टील के गिलास का करीब 10 सेंटीमीटर लंबा हिस्सा घुस गया। टुकड़ा पेट के अंदर फंसने से उसे गंभीर चोट आई है। चिकित्सक उसकी सर्जरी करने की तैयारी में जुटे हैं। वहीं, एक अन्य घायल बच्चे की छाती में स्टील के गिलास का टुकड़ा लगने से गहरा घाव हो गया। डॉक्टरों ने उसके घाव पर छह टांके लगाए। उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।



