Saturday, November 7, 2026
HomeLatest Newsव्हाइट हाउस में ट्रम्प ने भारतीयों के साथ मनाई दिवाली, भेंट की...

व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने भारतीयों के साथ मनाई दिवाली, भेंट की हनुमान चालीसा

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में भारतीय मूल के अधिकारियों और कारोबारियों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में दीया जलाया। समारोह के दौरान ट्रम्प को हनुमान चालीसा की एक प्रति भी भेंट की गई। भारतीय समुदाय के लोगों ने उन्हें ‘जुग-जुग जिओ’ का आशीर्वाद दिया और भारत-अमेरिका की दोस्ती मजबूत होने की कामना की। इस कार्यक्रम में अमेरिकी प्रशासन में शामिल भारतीय मूल के अधिकारी, कारोबारी और बड़ी कंपनियों के CEO मौजूद रहे। भारत के अमेरिका में राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और मशहूर शेफ विकास खन्ना भी समारोह में शामिल हुए।

ट्रम्प को भेंट की गई हनुमान चालीसा

दिवाली समारोह के दौरान राष्ट्रपति ट्रम्प को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की गई। यह भगवान हनुमान को समर्पित तुलसीदास की प्रसिद्ध रचना है, जिसे लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए पढ़ते हैं। विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कार्यक्रम की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि ओवल ऑफिस में रोशनी और आपसी जुड़ाव का यह एक खास पल है। उन्होंने ट्रम्प के साथ दिवाली मनाने को सम्मान की बात बताया। भारतीय कारोबारियों ने इस मौके पर ट्रम्प को ‘जुग-जुग जिओ’ का आशीर्वाद दिया। साथ ही दोनों देशों के बीच रिश्ते और मजबूत होने की उम्मीद जताई।

विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी समारोह में पहुंचे

व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयोजित दिवाली समारोह में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी शामिल हुए। इसके अलावा सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी समेत कई प्रमुख भारतीय मूल के अधिकारी और कारोबारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपरा और अमेरिका में भारतीय समुदाय के योगदान की झलक देखने को मिली।

जॉर्ज बुश ने शुरू की थी परंपरा

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा साल 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने शुरू की थी। शुरुआत में ये कार्यक्रम व्हाइट हाउस के पास स्थित आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित किए जाते थे। इनमें भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक और भारतीय राजनयिक शामिल होते थे। साल 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। उन्होंने ईस्ट रूम में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान दीपक जलाया था। इसके बाद से व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों में दिवाली समारोह आयोजित होने लगे। इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image