Tuesday, September 8, 2026
HomeCrime News18 टोल प्लाजा और 400 CCTV की जांच, फिर पकड़ा गया करोड़ों...

18 टोल प्लाजा और 400 CCTV की जांच, फिर पकड़ा गया करोड़ों की चोरी करने वाला गिरोह

नागौर पुलिस ने 18 टोल प्लाजा और करीब 400 CCTV फुटेज की मदद से चोरी और नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर करीब 1.80 करोड़ रुपये का चोरी का माल बरामद किया, जिसमें 964 ग्राम सोना, 11.5 किलो चांदी और 2 लाख रुपये नकद शामिल हैं। जांच में नागौर जिले की 12 चोरी की वारदातों के साथ 25 दिनों में कुल 30 मामलों का खुलासा हुआ है।

नागौर। नागौर पुलिस ने चोरी और नकबजनी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो रात के समय घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करता था। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए गिरोह तक पहुंच बनाई और आरोपियों की निशानदेही पर करीब 1.80 करोड़ रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। जांच में नागौर जिले की 12 वारदातों का खुलासा हुआ है।

गिरोह की तलाश के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों की पहचान करना थी। इसके लिए विशेष टीम ने करीब 400 CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। संदिग्धों के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे 18 टोल प्लाजा के फुटेज भी जांचे गए। कई दिनों की तकनीकी पड़ताल और स्थानीय स्तर से जुटाई गई जानकारी के बाद पुलिस संदिग्धों तक पहुंच सकी।

पुलिस टीम ने 14 अगस्त 2026 को भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में दबिश दी। यहां से पांच आरोपियों को एक ट्रेलर के साथ पकड़ा गया। पूछताछ आगे बढ़ी तो नागौर जिले में हुई कई चोरी की घटनाओं से उनके संबंध सामने आए।

करोड़ों का सोना-चांदी बरामद

पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में चोरी किया गया सामान बरामद किया। पुलिस के अनुसार, अब तक 964 ग्राम सोना, 11.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद माल की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 79 लाख 79 हजार 220 रुपये बताई गई है।

जांच में पालड़ी पींचकिया और जिन्दास-भदाणा की बड़ी नकबजनी की घटनाएं भी सामने आईं। पालड़ी पींचकिया में करीब 45 लाख रुपये और जिन्दास-भदाणा में करीब 54 लाख रुपये के जेवरात चोरी किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने इन मामलों से संबंधित चोरी का माल भी बरामद किया है।

बिरलोका के एक मामले में 42.45 ग्राम सोना, 338 ग्राम चांदी और 2 लाख रुपये बरामद किए गए। वहीं पांचला सिद्धा की घटना में 62.31 ग्राम सोना और 188.20 ग्राम चांदी पुलिस के हाथ लगी।

कई थाना क्षेत्रों में वारदात

पुलिस की जांच में गिरोह की गतिविधियां खींवसर से आगे तक फैली मिलीं। मुण्डवा थाना क्षेत्र के मिर्जास, पालड़ी पींचकिया और रामसिया तथा सदर नागौर क्षेत्र के जिन्दास-भदाणा और कृष्णपुरा-बालवा में हुई घटनाओं से भी आरोपियों के तार जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। संबंधित मामलों में अब तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

25 दिन में 30 मामलों का खुलासा

खींवसर पुलिस के अनुसार, पिछले 25 दिनों में नागौर जिले में चोरी और नकबजनी की 30 घटनाओं का खुलासा किया गया है। इनमें 16 घरों में चोरी या नकबजनी, 13 सरकारी स्कूलों से पोषाहार का गेहूं चोरी और एक ट्रक चोरी का मामला शामिल है।

इन मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनकी संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

यह पूरी कार्रवाई नागौर एसपी आशा राम चौधरी के निर्देशन में, आईपीएस वृत्ताधिकारी जतिन जैन के सुपरविजन और खींवसर थानाधिकारी सुरेश कुमार बिजारणियां के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image