कोटा। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 की जंग अपने चरम पर पहुँच चुकी है। इसी बीच कोचिंग सिटी कोटा का राजनीतिक पारा उस वक्त हाई हो गया, जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कोटा के परकोटे क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल रोड शो करने मैदान में उतरे। दिलचस्प बात यह है कि करीब 12 साल बाद भजनलाल शर्मा फिर से कोटा के निकाय चुनाव में मोर्चा संभाल रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि 2014 में वे भाजपा के सांगठनिक प्रभारी थे, जबकि आज वे प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर कमान संभाले हुए हैं।
2014 के शानदार प्रदर्शन को दोहराने की बड़ी चुनौती
साल 2014 में कोटा शहर भाजपा के प्रभारी रहते हुए भजनलाल शर्मा ने अपनी चुनावी व्यूहरचना से विरोधी दलों के पसीने छुड़ा दिए थे। उस दौरान नगर निगम के कुल 65 वार्डों में से भाजपा ने रिकॉर्ड 53 सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस महज 6 सीटों पर सिमट गई थी। हालांकि, पिछले निकाय चुनावों में समीकरण बदले और उत्तर नगर निगम के 70 वार्डों में से भाजपा केवल 14 सीटों पर ही सिमट कर रह गई थी। यही वजह है कि इस बार भाजपा के लिए कोटा का चुनाव अपनी खोई हुई साख वापस पाने और पुराने प्रदर्शन की छाप छोड़ने का बड़ा इम्तिहान माना जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें:-18 टोल प्लाजा और 400 CCTV की जांच, फिर पकड़ा गया करोड़ों की चोरी करने वाला गिरोह
परकोटे के 5-6 वार्डों में शक्ति प्रदर्शन
तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री उत्तर विधानसभा क्षेत्र के करीब 5 से 6 वार्डों में रोड शो कर रहे हैं। इस मेगा रोड शो की शुरुआत कैथूनीपोल थाने के सामने से रखी गई है। कैथूनीपोल का यह इलाका उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों के मुहाने पर स्थित है। ऐसे में रणनीतिकारों का मानना है कि सीएम का यह शक्ति प्रदर्शन एक साथ दोनों विधानसभा क्षेत्रों के शहरी मतदाताओं को साधने और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा फूंकने का काम करेगा।
‘1952 से देख रहा हूँ राजनीति, ऐसा कभी नहीं देखा’: शांति धारीवाल
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री के इस रोड शो को लेकर कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री शांति धारीवाल ने तीखा हमला बोला है। देर रात कोटा के ऐतिहासिक घंटाघर इलाके में आयोजित एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए धारीवाल ने भाजपा और राज्य सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। धारीवाल ने तंज कसते हुए कहा— “मैं 1952 से प्रदेश की राजनीति और चुनाव देख रहा हूँ, लेकिन अपने पूरे जीवनकाल में ऐसा पहली बार देख रहा हूँ जब नगर पालिका और नगर निगम जैसे स्थानीय चुनावों का प्रचार करने के लिए किसी मुख्यमंत्री को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।”
यह खबर भी पढ़ें:-अब 45 नहीं सिर्फ 25 दिन में बुक होगा दूसरा LPG गैस सिलेंडर, सरकार ने दी बड़ी राहत
‘हार के डर से घबराई हुई है भाजपा’
वार्ड नंबर 45 से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व उपमहापौर सोनू कुरैशी के समर्थन में वोट मांगते हुए धारीवाल ने दावा किया कि भाजपा में इस समय जबर्दस्त घबराहट का माहौल है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल को इस बात का भली-भांति अहसास हो चुका है कि कोटा की जनता उनके खोखले दावों को नकार चुकी है।
धारीवाल ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस इन चुनावों में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज, ट्रैफिक और शहर के समग्र विकास जैसे बुनियादी मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है और जनता इस बार भाजपा के खिलाफ जनादेश देकर सच्चाई का साथ देगी।



