कोटा (रामगंजमंडी)। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 के प्रचार का दौर जैसे-जैसे अपनी अंतिम सीमा की ओर बढ़ रहा है, नेताओं के बयानों में तल्खी और कड़वाहट भी बढ़ती जा रही है। कोटा जिले की रामगंजमंडी नगर पालिका चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल पर बेहद कड़ा और विवादित हमला बोला है। दिलावर ने गुंजल के बार-बार दल बदलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे बिकाऊ नेताओं के लिए अपने दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर चुकी है।
‘कभी बसपा तो कभी कांग्रेस में बिके गुंजल’
रामगंजमंडी में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मदन दिलावर ने प्रहलाद गुंजल पर सीधा निशाना साधा। दिलावर ने कहा— “प्रहलाद गुंजल की कोई नीति या नीयत नहीं है। वे कभी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में बिक जाते हैं तो कभी कांग्रेस के हाथों बिक जाते हैं। अब वे फिर से भाजपा में वापसी के लिए छटपटा रहे हैं, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूँ कि जहाँ बिक गए हो वहीं रहो, भाजपा अब ऐसे बिकाऊ बैलों को वापस अपनी पार्टी में शामिल नहीं करेगी।”
मंत्री दिलावर ने लोकसभा चुनाव के नतीजों की याद दिलाते हुए कहा कि रामगंजमंडी की स्वाभिमानी जनता ने पिछली बार भी गुंजल को करीब 27 हजार वोटों से पटकनी दी थी। इस बार अगर वे दोबारा हिम्मत दिखाएंगे तो यहाँ की जनता उन्हें 50 हजार से अधिक मतों से हराकर सबक सिखाएगी। दिलावर ने कहा कि रामगंजमंडी के लोग ईमानदार और समर्पित नेताओं को चुनते हैं, लुटेरों और अवसरवादियों को नहीं।
‘निर्दलीय भी पैसा लेकर बिक जाते हैं, वोट खराब न करें’
राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ-साथ मदन दिलावर ने चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे निर्दलीय उम्मीदवारों पर भी तंज कसा। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि निर्दलीय प्रत्याशियों को वोट देकर अपना बहुमूल्य वोट बेकार न करें। दिलावर ने आरोप लगाया कि ज्यादातर निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद निजी स्वार्थ और पैसों के दम पर बिक जाते हैं, इसलिए विकास के लिए सीधे भाजपा के सिंबल पर बटन दबाएं।
सुकेत में गरमाया माहौल, घर-घर जाकर मांगा समर्थन
रामगंजमंडी के साथ-साथ सुकेत नगर पालिका क्षेत्र में भी मदन दिलावर ने तूफानी जनसंपर्क किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी तस्वीरें और विचार साझा करते हुए दिलावर ने लिखा कि सुकेत के विभिन्न वार्डों में हर घर से उन्हें अपनों का स्नेह और आशीर्वाद मिल रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सुकेत की जनता विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। माताओं-बहनों, बुजुर्गों और युवाओं के समर्थन से यह तय हो चुका है कि सुकेत में भारी बहुमत के साथ कमल खिलेगा और भाजपा का ही बोर्ड बनेगा।



