नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दीपावली को अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की शाश्वत विजय का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने कामना की कि यह त्योहार हर घर में खुशियां, सद्भाव और समृद्धि लेकर आए। प्रधानमंत्री ने भारत सरकार के जन संपर्क पोर्टल पर साझा किए गए संदेश में कहा कि दीपावली भारत की समृद्ध परंपराओं पर गर्व करने और आपसी एकजुटता के रिश्तों को मजबूत करने का अवसर है।
PM मोदी बोले- हर घर खुशियों और समृद्धि से रोशन हो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा, “प्रिय देशवासियों, दीपावली के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं! यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की शाश्वत विजय का उत्सव है।” उन्होंने आगे कहा कि दीपावली हर घर को खुशियों, सद्भाव और समृद्धि से रोशन करे। यह त्योहार सभी को दयालुता का प्रसार करने और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करे।
विकसित भारत के निर्माण का किया आह्वान
पीएम मोदी ने देशवासियों से नए उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में काम करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि दीपावली का यह पर्व लोगों के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता लेकर आएगा तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।



