Hai Jawani To Ishq Hona Hai Box Office Collection: बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन की नई फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है. फिल्म ने रिलीज के पहले वीकेंड में वर्ल्ड वाइड 41.99 करोड़ रुपये की कमाई की है. पारिवारिक मनोरंजन और कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसका असर इसकी कमाई पर भी साफ दिखाई दे रहा है.

डेविड धवन के निर्देशन करियर की आखिरी फिल्म
5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्माण टिप्स फिल्म्स ने किया है, जबकि निर्देशन दिग्गज फिल्मकार डेविड धवन ने किया है. यह फिल्म उनके निर्देशन करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में फिल्म निर्देशन से संन्यास लेने की घोषणा की थी. फिल्म में वरुण धवन के साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं. इसके अलावा मौनी रॉय, कुब्रा सैत और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं.

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा कलेक्शन ?
निर्माता कंपनी द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10.20 करोड़ रुपये की कमाई की. दूसरे दिन यह आंकड़ा बढ़कर 10.74 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि तीसरे दिन फिल्म ने 12.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इस तरह 3 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल कमाई 33.64 करोड़ रुपये रही.

वर्ल्डवाइड कलेक्शन 41.99 करोड़ रुपये पहुंचा
वहीं, ओवरसीज मार्केट और भारत की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 41.99 करोड़ रुपये पहुंच गया है. फिल्म की इस मजबूत शुरुआत को वरुण धवन के करियर के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. फिल्म की सफलता पर खुशी जताते हुए निर्माता कंपनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसे “हर परिवार की पसंदीदा फिल्म” बताया और दर्शकों से सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने की अपील की.
ये भी पढ़ें: दक्षिणी अमेरिका में अडानी ग्रुप की एंट्री, मिला 10 साल का मरीन कॉन्ट्रैक्ट



