Wednesday, November 18, 2026
HomeNational Newsजयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर JDA का बड़ा एक्शन, 80 से...

जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर JDA का बड़ा एक्शन, 80 से ज्यादा मकानों-दुकानों पर चला बुलडोजर

राजधानी जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) का बुलडोजर एक बार फिर गरजा।

जयपुर। राजधानी जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) का बुलडोजर एक बार फिर गरजा। बुधवार, 18 नवंबर को हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना में जेडीए ने अभियान के दूसरे चरण के तहत बड़ी कार्रवाई की। गुर्जर की थड़ी से सोडाला की ओर मेट्रो पिलर नंबर 84 से 109 तक सड़क सीमा में आ रहे 80 से अधिक मकानों और दुकानों के अवैध हिस्सों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान होटल, अस्पताल, मैरिज गार्डन, दुकान और आवासीय भवनों के रैंप, सीढ़ियां, रेलिंग, टिनशेड, बाउंड्रीवॉल और आगे के हिस्से ध्वस्त किए गए। होटल लजीज के सामने का हिस्सा भी कार्रवाई की जद में आया।

शादी की खुशियों के बीच पहुंचा बुलडोजर
जेडीए की इस कार्रवाई का सबसे भावुक दृश्य कलकत्ता मैरिज गार्डन में देखने को मिला। यहां बुधवार को शादी समारोह होना था और जोधपुर से बारात आने वाली थी। लेकिन कार्रवाई के दौरान मैरिज गार्डन का डेकोरेशन गेट और सजावट भी हटा दी गई। इससे शादी वाले परिवार की खुशियों पर असर पड़ा। दुल्हन के माता-पिता और परिजन इस घटनाक्रम से बेहद दुखी नजर आए।

व्यापारियों का विरोध, महिलाओं की छलकी आंखें
कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। डिमार्केशन और कार्रवाई के तरीके को लेकर सवाल उठाए गए। कुछ स्थानों पर व्यापारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मकानों के हिस्से टूटने पर महिलाएं भावुक हो गईं। एक महिला ने रोते हुए कहा कि जीवनभर की कमाई से बनाया मकान तोड़ दिया गया।

जेडीए का दावा- पहले ही हटाए गए 25 से 30 निर्माण
जेडीए के अतिरिक्त मुख्य नियंत्रक इस्लाम खान के अनुसार, इस चरण में करीब 70 से 80 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। इनमें से लगभग 25 से 30 निर्माण संबंधित लोगों ने खुद ही हटा लिए थे। शेष निर्माणों को जेडीए की टीम ने हटाया। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई से पहले नोटिस दिए गए और आपत्तियों पर सुनवाई की गई।

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद तेज हुई कार्रवाई
दरअसल, न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का मामला राजस्थान हाईकोर्ट में विचाराधीन है। 16 नवंबर को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक करीब 2.4 किलोमीटर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए जेडीए को दो सप्ताह का समय दिया था। कोर्ट ने अनुपालन रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित है।

अब आगे क्या होगा?
गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक करीब 2.4 किलोमीटर सड़क को मास्टर प्लान के अनुसार 100 फीट चौड़ा किया जाना है। जेडीए ने इस पूरे क्षेत्र में लगभग 260 निर्माणों को चिह्नित किया है। पहले चरण में 5 अक्टूबर को करीब 50 मकान-दुकानों के अवैध हिस्से हटाए गए थे। दूसरे चरण की कार्रवाई के बाद शेष हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी रहने की संभावना है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image