नई दिल्ली। (निहारिका वैष्णव)। भारतीय क्रिकेट टीम का न्यूजीलैंड दौरा आखिरी चरण में हैं। गुरुवार सुबह 3:30 बजे से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी। बता दें कि जसप्रीत बुमराह इस मैच के साथ टेस्ट क्रिकेट में एक साल बाद वापसी करेंगे। सीरीज का पहला मैच वेलिंगटन में खेला जाएगा, जहाँ पर टीम इंडिया 58 साल से नहीं जीत सकी है। टीम ने आखिरी टेस्ट मैच 1968 में मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी के दौरान जीता था। इसके बाद भारत ने यहां 7 टेस्ट मैच खेले, लेकिन एक में भी जीत हासिल नहीं कर पाई। न्यूजीलैंड में भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में आखिरी बार टेस्ट सीरीज 2009 में जीती थी। इसके बाद धोनी और कोहली कप्तान के तौर पर यहां आए, लेकिन टेस्ट सीरीज हार गए।
कमज़ोर रहे हैं न्यूजीलैंड के खिलाफ बुमराह
भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना एक चुनौती है, इस बात का अंदाजा जसप्रीत बुमराह के रिकॉर्ड से लगाया जा सकता है। जहाँ बाकी छह टीमों के खिलाफ बुमराह ने टेस्ट में 18.76 की औसत से विकेट लिए हैं, वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टेस्ट में उनकी गेंदबाजी औसत 45.44 है। वेलिंगटन के 2020 में खेले गए मैच में वे केवल एक ही विकेट ले सके थे।
न्यूज़ीलैंड ने पिछली सीरीज में किया था क्लीन स्वीप
भारतीय टीम के लिए न्यूज़ीलैंड टीम एक चुनौती रही है। 2015 में विराट कोहली की टेस्ट कप्तानी के दौरान भारत ने न्यूजीलैंड के आलावा लगभग हर टीम के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड बनाया। रोहित शर्मा की कप्तानी में न्यूजीलैंड ने भारत को घरेलू सीरीज में 0-3 हराया था। अब यह देखना रहेगा कि गिल की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन कैसा होगा। पिछली टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड को उसके घर में 2-1 से हराकर न्यूज़ीलैंड अब अपने घर में भारत के सामने है।
दोनों टीमों के बेस्ट प्लेयर्स
माना जा रहा है कि भारतीय टीम के देवदत्त पडिक्कल बल्लेबाज़ी में, और प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाज़ी में सबसे अच्छे हैं। वहीं न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ रचिन रवींद्र व गेंदबाज़ नाथन स्मिथ को सर्वश्रेष्ठ माना जा रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत : यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी/अंशुल कंबोज/आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा/गुरनूर बरार।
न्यूजीलैंड : टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, जैकब डफी/ब्लेयर टिकनर।



