जयपुर। राजस्थान में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के बाद अब परिणामों की घड़ी नजदीक आ गई है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके साथ ही ग्रामीण राजनीति में किसके सिर जीत का सेहरा बंधेगा, इसे लेकर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की धड़कनें तेज हो गई हैं।
हालांकि, प्रदेश के चार जिलों कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में चुनाव परिणामों के लिए अभी लंबा इंतजार करना होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने इन जिलों की मतगणना की तारीख में बदलाव करते हुए अब 17 दिसंबर 2026 निर्धारित की है। इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे संबंधित जिला मुख्यालयों पर शुरू होगी।
चार जिलों में क्यों बढ़ा इंतजार?
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 18 नवंबर को जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, इन चार जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना पहले 20 नवंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे बदलकर 17 दिसंबर कर दिया गया है। इन जिलों में पंचायतीराज संस्थाओं के मौजूदा पदाधिकारियों का कार्यकाल दिसंबर में पूरा होने के मद्देनजर नेतृत्व पदों के चुनाव का कार्यक्रम भी अलग रखा गया है।
17 दिसंबर के बाद ये होंगे चुनाव
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार चारों जिलों में 22 दिसंबर को जिला प्रमुख, 23 दिसंबर को उप जिला प्रमुख, 24 दिसंबर को पंचायत समिति प्रधान और 25 दिसंबर को उप प्रधान का चुनाव कराया जाएगा। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में 20 नवंबर को मतगणना के बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव निर्धारित हैं।



