नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरे के दौरान दिए गए बयानों को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आर्थिक स्थिति और विकास को लेकर भ्रामक बातें करते हैं, जिससे देश की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचता है।
बुधवार को भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को अपरिपक्व बताते हुए उन्हें ‘भारत का मीर जाफर’ तक कह दिया। भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत की प्रगति पर सवाल उठाते हैं और बिना तथ्यों के देश की छवि खराब करने वाले बयान देते हैं।
दरअसल, राहुल गांधी ने मंगलवार को कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक संवाद कार्यक्रम के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया कि देश में बेरोजगारी गंभीर समस्या है और ‘मेक इन इंडिया’ तथा ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी योजनाएं अपेक्षित परिणाम देने में सफल नहीं रही हैं।
राहुल गांधी के इन्हीं बयानों पर पलटवार करते हुए गौरव भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अर्थव्यवस्था, लोकतंत्र, युवाओं और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के क्षेत्र में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।
भाजपा ने राहुल गांधी की टिप्पणियों को देश की अंतरराष्ट्रीय साख कमजोर करने वाला बताया है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर भारत की आर्थिक प्रगति और विपक्ष की आलोचना को लेकर सियासी बहस तेज कर दी है।



