Wednesday, November 18, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentअर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स में पहुँचे प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट: सोनम कपूर,...

अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स में पहुँचे प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट: सोनम कपूर, आलिया भट्ट समेत शामिल हुए कई सेलेब्स

मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज 2026 में प्रिंस विलियम, केट मिडलटन और कई बॉलीवुड सितारे शामिल हुए। सोनम कपूर ने प्रदूषण पर चिंता जताई, वहीं महिंद्रा को क्लीन अवर एयर कैटेगरी में सम्मानित किया गया।

मुंबई। (निहारिका वैष्णव)। मंगलवार को आयोजित अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स 2026 में ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन समेत कई बॉलीवुड स्टार्स शामिल हुए। अर्थशॉट प्राइज का आरम्भ साल 2020 में प्रिंस विलियम और ‘द रॉयल फाउंडेशन’ द्वारा किया गया था। ‘पर्यावरण का नोबेल’ माना जाने वाला यह पुरस्कार दुनिया के प्रमुख पर्यावरण पुरस्कारों में से एक है। मुंबई में आयोजित अर्थशॉट प्राइज का छठा संस्करण 16-17 नवंबर 2026 को हुआ। इस इवेंट में आलिया भट्ट, सोनम कपूर, भूमि पेडनेकर, ईशान खट्टर और खुशी कपूर समेत और भी कई बॉलीवुड हस्तियां नज़र आईं। इस समारोह को फिल्म निर्माता करण जौहर ने होस्ट किया।

“गंगा नदी को फिर गन्दा कर दिया,” बोलीं सोनम

बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए अभिनेत्री सोनम कपूर और सयानी गुप्ता ने अपने विचार प्रकट किये। मीडिया से बातचीत में सोनम ने कहा, “मैं इस पहल के समर्थन में आई हूं। देश में काफी डराने वाली चीज़ें हो रही हैं। अपने बच्चों के लिए कैसा भविष्य छोड़कर जाएंगे, यह सोच कर डर लगता है।”

“हमने गंगा नदी को साफ तो किया था, लेकिन हम ही ने फिर से उसे बहुत गंदा कर दिया है। पर्यावरण को बचने की जिम्मेदारी हम सबकी है, यह हमें समझना होगा। इसकी शुरुआत हमें अपने-अपने घरों से करनी होगी,” सोनम ने आगे कहा।

सयानी गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं प्रिंस विलियम की इस पहल की सराहना करती हूं। जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों को पहचान मिलनी चाहिए। हमारे देश में ख़ास तौर पर पर्यावरण को बचाने के लिए काम करना होगा।”

वह आगे कहतीं हैं, “मुंबई सीमेंट का ढेर बनता जा रहा है, जिसके कारण लोग ठीक से सांस तक नहीं ले पा रहे हैं। पैसे के लालच में पेड़ काटे जा रहे हैं और मैंग्रोव ख़त्म हो रहे हैं।”

10 लाख पाउंड की पुरस्कार राशि पांच विजेताओं के नाम

अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स 2026 के लिए करीब 7 हजार नामांकनों में से 169 देशों के 15 फाइनलिस्ट चुने गए। इनमें से पांच को मुंबई में विजेता घोषित किया। अपने काम को आगे बढ़ाने के लिए प्रति विजेता को 10 लाख पाउंड (करीब 11 करोड़ रुपए) से नवाज़ा गया।

भारत की महिंद्रा कंपनी को भी मिला पुरस्कार

महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की जीत ने भारत की सफलता पर चार चाँद लगा दिए। बता दें कि कंपनी को ‘क्लीन अवर एयर’ कैटेगरी में पुरस्कार मिला। शहरों में चलने वाले पेट्रोल और डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने की कोशिश में कंपनी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और छोटे कमर्शियल वाहन बनाती है। महिंद्रा अब तक 4 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन बेच चुकी है, जो कुल 9 अरब किलोमीटर से ज्यादा चल चुके हैं। महिंद्रा के मुताबिक़ इससे करीब 1.85 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन कम हुआ है। कंपनी को मिली धनराशि का इस्तेमाल वह इलेक्ट्रिक वाहनों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में करेगी। महिला ड्राइवरों को ट्रेनिंग देने, सस्ते लोन की सुविधा और चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Jago India Jago
Jago India Jagohttp://jagoindiajago.news
Jago India Jago की एडिटोरियल टीम देश, दुनिया और राजस्थान की ताजा खबरों को सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद अंदाज़ में पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीति से लेकर धर्म, मनोरंजन, खेल, शिक्षा और तकनीक तक हर महत्वपूर्ण विषय पर तेज़ अपडेट और गहराई से विश्लेषण हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर खबर आपको जागरूक करे, जोड़े और सोचने पर मजबूर करे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image