जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जयपुर से प्रकाशित समाचार पत्र ‘जागो इंडिया जागो’ के प्रकाशन का पहला वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इस अवसर पर उन्होंने समाचार पत्र के नाम विशेष शुभकामना संदेश भेजकर इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संदेश में देवनानी ने कहा कि किसी भी समाचार पत्र के लिए प्रथम वर्षगांठ केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि अपने उद्देश्यों, संकल्पों और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सशक्त स्तंभ के रूप में पत्रकारिता का समाज और राष्ट्र के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती देने के साथ समाज को सही दिशा प्रदान करती है। समाचार पत्रों को सत्यता, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सकारात्मक दृष्टिकोण को अपना मूल आधार बनाना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि ‘जागो इंडिया जागो’ भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से आमजन की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करेगा तथा सामाजिक एकता, समरसता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण के विचारों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
देवनानी ने समाचार पत्र के संपादक, प्रकाशक, पत्रकारों, संवाददाताओं, सहयोगियों एवं पाठकों को प्रथम वर्षगांठ की बधाई देते हुए कामना की कि समाचार पत्र पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को कायम रखते हुए जनविश्वास की कसौटी पर खरा उतरे और सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करे।



