नई दिल्ली। भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग अब लड़ाकू विमान खरीदने से आगे बढ़कर तकनीक, उत्पादन और मेंटेनेंस तक पहुंच रहा है। राफेल लड़ाकू विमानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भारत में इनके M88 इंजन की असेंबलिंग और मरम्मत क्षमता विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। फ्रांस की कंपनी सफरान हैदराबाद में M88 इंजन के लिए मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) सुविधा स्थापित कर रही है। इसके अगले चरण में भारत में इंजन की फाइनल असेंबली लाइन लगाने की योजना है। इससे भारतीय एयरोस्पेस उद्योग को आधुनिक इंजन तकनीक और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग का अनुभव मिलेगा।
114 राफेल विमानों की प्रस्तावित डील
भारतीय वायुसेना के लिए 114 राफेल मल्टीरोल फाइटर विमान खरीदने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये की इस प्रस्तावित डील में विमानों का बड़ा हिस्सा भारत में बनाने की योजना है। इसमें स्वदेशी हथियारों और उपकरणों को राफेल में शामिल करने पर भी जोर दिया जा रहा है। अक्टूबर 2026 में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने संकेत दिए थे कि इस खरीद पर चालू वित्त वर्ष के अंत तक फैसला हो सकता है।
नौसेना के 26 राफेल-M से बढ़ेगी जरूरत
नौसेना के लिए भारत ने 28 अप्रैल 2025 को फ्रांस के साथ करीब 63 हजार करोड़ रुपये का समझौता किया था। इसके तहत 22 सिंगल-सीटर और 4 ट्विन-सीटर सहित 26 राफेल-M विमान खरीदे जा रहे हैं। इनकी तैनाती INS विक्रांत और INS विक्रमादित्य जैसे विमानवाहक पोतों पर होगी। विमानों की डिलीवरी 2030 तक पूरी करने का लक्ष्य है।
हैदराबाद में 400 करोड़ से अधिक का निवेश
सफरान ने 26 नवंबर 2025 को हैदराबाद में M88 इंजन की MRO फैसिलिटी का शिलान्यास किया था। इस परियोजना में 40 मिलियन यूरो से अधिक यानी करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। लगभग 5 हजार वर्ग मीटर में विकसित होने वाली इस सुविधा में सालाना 600 से अधिक इंजन मॉड्यूल के रखरखाव और मरम्मत की क्षमता होगी। इससे करीब 150 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
AMCA परियोजना के लिए भी अहम अनुभव
भारत में M88 इंजन की असेंबलिंग और मेंटेनेंस क्षमता विकसित होने से देश के एयरोस्पेस सेक्टर को हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग में अनुभव मिलेगा। इसका लाभ भविष्य में स्वदेशी लड़ाकू विमान AMCA के लिए इंजन तकनीक विकसित करने की दिशा में भी मिल सकता है। हालांकि, M88 इंजन परियोजना और AMCA के स्वदेशी इंजन विकास को अलग-अलग पहल के रूप में देखना होगा।
सफरान के CEO ओलिवियर एंड्रीज के मुताबिक, भारत में इंजन असेंबलिंग के साथ कुछ महत्वपूर्ण कलपुर्जों का स्थानीय निर्माण और सोर्सिंग भी संभव है। हालांकि, इंजन के सबसे संवेदनशील पुर्जों का उत्पादन फ्रांस में ही जारी रहेगा।



