नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने फिलीपींस दौरे के दूसरे दिन मनीला में आयोजित आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया अनेक संकटों से गुजरी है और मौजूदा समय में वैश्विक स्तर पर शांति और स्थिरता की जरूरत है। भारत और आसियान देशों के पास इन चुनौतियों से निपटने के लिए सामर्थ्य भी है और संकल्प भी। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान दुनिया की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों के बीच आपसी साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। अब यह संबंध साझा संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
राष्ट्रपति मार्कोस को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान की सफल अध्यक्षता और भारत के देश समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस को बधाई और धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आसियान नेताओं के साथ यह उनका 13वां संवाद है। पिछले वर्षों में भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने आसियान देशों के साथ संबंधों को नई गति और नई गहराई दी है।
डिजिटल, डिफेंस और स्पेस में मजबूत हो रही साझेदारी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान की साझेदारी अब डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है। दोनों पक्ष इन क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और साझेदारी के नए आयाम भारत और आसियान के संबंधों को और मजबूत बना रहे हैं।
100 से ज्यादा पहल और 250 त्वरित प्रभाव परियोजनाएं शुरू
प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान के बीच लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक पीपल-टू-पीपल संपर्क बढ़ाने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा लगभग 250 त्वरित प्रभाव परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है और 10 हजार से अधिक क्षमता निर्माण छात्रवृत्तियां दी गई हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और आसियान देशों के बीच सीधी उड़ानों में बढ़ोतरी और पर्यटन का विस्तार दोनों पक्षों की बढ़ती नजदीकी का प्रमाण है। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत और आसियान के मजबूत सहयोग को शांति, स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।



