Tuesday, November 17, 2026
HomeIndiaIndia vs New Zealand Test: पहले टेस्ट में 4 तेज गेंदबाज उतारेगा...

India vs New Zealand Test: पहले टेस्ट में 4 तेज गेंदबाज उतारेगा भारत, एक साल बाद बुमराह की वापसी, पंत का खेलना तय

नई दिल्ली। (निहारिका वैष्णव)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टीम की रणनीति को लेकर बड़ा संकेत दिया है। गिल के मुताबिक, भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतर सकती है। इस मुकाबले में अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह करीब एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का खेलना भी लगभग तय है। गिल ने पंत को लेकर कहा कि टीम मैनेजमेंट के सामने उन्हें खिलाने को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने पंत को अनुभवी खिलाड़ी बताते हुए कहा कि वह दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रन बना चुके हैं।

7 बल्लेबाजों के साथ उतर सकता है भारत

शुभमन गिल ने बताया कि भारतीय टीम सात बल्लेबाजों के साथ मैदान में उतरने की योजना बना रही है। नंबर 8 और 9 पर अंशुल कंबोज और आकाश दीप बल्लेबाजी में योगदान दे सकते हैं। इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी भी बल्लेबाजी के विकल्प के तौर पर मौजूद हैं। हालांकि, प्लेइंग-11 का अंतिम संयोजन अभी तय नहीं हुआ है। गिल ने कहा कि सभी तेज गेंदबाजों ने वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में चार गेंदबाजों का चयन करना टीम मैनेजमेंट के लिए आसान नहीं होगा।

करीब एक साल बाद टेस्ट में लौटेंगे जसप्रीत बुमराह

पहले टेस्ट में जसप्रीत बुमराह की वापसी भारतीय टीम के लिए बड़ी खबर है। उन्होंने अपना पिछला टेस्ट 22 नवंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेला था। बुमराह की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हाल ही में टीम मैनेजमेंट ने स्पिनर कुलदीप यादव को टेस्ट स्क्वॉड से रिलीज कर तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को शामिल किया था। इससे टीम के पास तेज गेंदबाजी के विकल्प बढ़ गए हैं।

जडेजा या वॉशिंगटन सुंदर, किसे मिलेगा मौका?

भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरती है तो स्पिन विभाग में किसे मौका मिलेगा, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। कप्तान शुभमन गिल ने स्पिनरों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। ऐसे में रवींद्र जडेजा या वॉशिंगटन सुंदर में से किसी एक स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर को प्लेइंग-11 में जगह मिल सकती है।

पंत की फिटनेस और फॉर्म पर गिल ने दिया जवाब

ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस को लेकर उठ रहे सवालों पर शुभमन गिल ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पंत भारतीय टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। वह 50 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और दुनिया के अलग-अलग देशों में रन बना चुके हैं। गिल ने कहा कि पंत ने ऑस्ट्रेलिया में भी टेस्ट शतक लगाया है। ऐसे में उन्हें लेकर टीम मैनेजमेंट के सामने कोई दुविधा नहीं है।

न्यूजीलैंड दौरे पर लगातार तीसरी सीरीज जीतने का मौका

भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर टी-20 और वनडे सीरीज अपने नाम कर चुकी है। अब टीम की नजर टेस्ट सीरीज जीतकर दौरे पर लगातार तीसरी सीरीज अपने नाम करने पर है। हालांकि, शुभमन गिल ने टेस्ट सीरीज को वनडे से बड़ी चुनौती बताया है। अब देखना होगा कि चार तेज गेंदबाजों की रणनीति के साथ भारतीय टीम वेलिंगटन टेस्ट में कैसा प्रदर्शन करती है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image