Tuesday, November 17, 2026
HomeIndiaजयपुर हमले में घायल कैफे संचालक की इलाज के दौरान 11 दिन...

जयपुर हमले में घायल कैफे संचालक की इलाज के दौरान 11 दिन बाद मौत

जयपुर। राजधानी जयपुर के वैशाली नगर इलाके में जानलेवा हमले में घायल कैफे संचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मयंक गोपालिया पिछले 11 दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। सोमवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, कैफे में काम करने वाली महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में आरोपियों ने मयंक पर लाठी-डंडों से हमला किया था। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।

कैफे बंद कर घर जा रहे संचालक पर किया हमला

वैशाली नगर थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत के अनुसार, घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की है। मयंक गोपालिया अपना कैफे बंद करके पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान कैफे से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बदमाश पीछे से दौड़कर आए और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने मयंक के सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपियों ने उन पर लगातार वार किए। हमलावर उन्हें मरा हुआ समझकर बाइक और स्कूटी पर सवार अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गए। गंभीर चोट लगने के कारण मयंक के सिर का ऑपरेशन करना पड़ा था। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 11 दिन तक इलाज चला। सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई।

वैशाली मार्ग पर चलाते थे ‘ओवन द बेकरी’ कैफे

मयंक गोपालिया वैशाली नगर के रहने वाले थे। वह वैशाली मार्ग पर ‘ओवन द बेकरी’ नाम से कैफे संचालित करते थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

महिला कर्मचारी के दोस्त को टोकने पर हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि कैफे में एक महिला कर्मचारी काम करती थी। उसका दोस्त मोहम्मद शाहरुख आए दिन उससे मिलने कैफे पर आता था। इस बात को लेकर मयंक ने उसे टोका था। इसी बात से नाराज होकर शाहरुख ने मयंक को जान से मारने की धमकी दी थी। 5 नवंबर को दिन में दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद रात को शाहरुख ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मयंक पर जानलेवा हमला कर दिया।

तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार

वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मोहम्मद शाहरुख, अकमान और मोहम्मद रसीद उर्फ अल्तमस को गिरफ्तार किया था। अब कैफे संचालक की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image