Tuesday, November 17, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान पुलिस खरीदेगी एंटी ड्रोन व्हीकल, 96.82 करोड़ रुपए मंजूर, ड्रोन-जैमर और...

राजस्थान पुलिस खरीदेगी एंटी ड्रोन व्हीकल, 96.82 करोड़ रुपए मंजूर, ड्रोन-जैमर और BDS वैन से बढ़ेगी सुरक्षा

जयपुर। राजस्थान पुलिस को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस करने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत 96 करोड़ 82 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की है। इस बजट से पुलिस की निगरानी क्षमता, विशेष अभियानों और प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। योजना में एंटी ड्रोन तकनीक, आधुनिक ड्रोन, जैमर, बम निरोधक दस्ते की वैन और विशेष वाहनों की खरीद शामिल है। इस योजना में केंद्र सरकार की ओर से 58 करोड़ 9 लाख 23 हजार रुपए और राज्य सरकार की ओर से 38 करोड़ 78 लाख 82 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। बजट के तहत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बजट घोषणा 2026-27 के बिंदु संख्या 149.04.00 के तहत इन एजेंसियों के लिए कार्यालय, विशेष वाहन और आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।

20 स्पेशल पर्पज व्हीकल और 20 BDS वैन खरीदेगी पुलिस

राजस्थान पुलिस को 20 स्पेशल पर्पज व्हीकल उपलब्ध कराए जाएंगे। इनकी खरीद पर 2.60 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 6 करोड़ रुपए की लागत से 20 BDS (बम डिस्पोजल स्क्वायड) वैन खरीदी जाएंगी। इन वैन को K9 डॉग यूनिट के साथ तैयार किया जाएगा। इससे बम निरोधक दस्ते को तलाशी अभियान चलाने और संदिग्ध वस्तुओं की जांच करने में मदद मिलेगी।

निगरानी के लिए खरीदे जाएंगे 7 आधुनिक ड्रोन और जैमर

पुलिस की तकनीकी निगरानी क्षमता बढ़ाने के लिए 2.10 करोड़ रुपए की लागत से 7 आधुनिक ड्रोन खरीदे जाएंगे। वहीं, संवेदनशील गतिविधियों और विशेष अभियानों में इस्तेमाल के लिए 1.25 करोड़ रुपए का एक पोर्टेबल जैमर खरीदा जाएगा। इसके अलावा संदिग्ध सामान की जांच के लिए 1.40 करोड़ रुपए की लागत से 5 बैगेज स्कैनर भी खरीदे जाएंगे। एंटी ड्रोन तकनीक और आधुनिक उपकरणों से पुलिस की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की योजना है।

पुलिसकर्मियों को फायरिंग सिम्युलेटर से मिलेगी ट्रेनिंग

पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण को आधुनिक बनाने के लिए दो 6-लेन फायरिंग सिम्युलेटर खरीदे जाएंगे। इनकी लागत 1.60 करोड़ रुपए तय की गई है। सिम्युलेटर के जरिए पुलिसकर्मी आधुनिक तकनीक से फायरिंग का अभ्यास कर सकेंगे। इससे उनकी निशानेबाजी और ऑपरेशन संबंधी प्रशिक्षण क्षमता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस आधुनिकीकरण योजना से राजस्थान पुलिस को आधुनिक उपकरणों, विशेष वाहनों और तकनीकी संसाधनों से मजबूत करने की तैयारी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image