उदयपुर। उदयपुर के सूरजपोल थाना पुलिस ने होटल की पार्किंग में खड़ी कार से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस चोरी करने के मामले में एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के सोनीपत निवासी पर्यटक ओमप्रकाश चौधरी उदयपुर घूमने आए थे और भटियानी चौहट्टा स्थित होटल मनोर में ठहरे हुए थे। इसी दौरान होटल पार्किंग में उनकी कार को साइड में लगाने के बहाने आरोपी ने चाबी ली और डैशबोर्ड में रखी लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 कारतूस चोरी कर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और होटल कर्मचारियों, गाइड्स व टैक्सी चालकों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को बलीचा क्षेत्र से आरोपी जयप्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का निवासी है और पेशे से टैक्सी चालक है। वह 12 नवंबर को सूरत से पर्यटकों को लेकर उदयपुर आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।



