जयपुर। जयपुर से प्रकाशित समाचार पत्र ‘जागो इंडिया जागो’ ने अपने प्रकाशन का सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण कर लिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समाचार पत्र को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाचार पत्र न केवल लोगों को सूचित और शिक्षित करने में अहम भूमिका निभाते हैं, बल्कि उन्हें अभिव्यक्ति का एक सशक्त मंच भी प्रदान करते हैं।
‘जागो इंडिया जागो’ के संस्था प्रमुख प्रतीक चौबे ने बताया कि मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘जागो इंडिया जागो’ निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं जनोन्मुखी पत्रकारिता के पथ पर निरंतर अग्रसर रहते हुए पत्रकारिता के उच्च मानकों को सुदृढ़ करने में अपना योगदान देता रहेगा। उन्होंने समाचार पत्र की इस उपलब्धि पर संस्था के सभी पत्रकारों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
प्रतीक चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह शुभकामना संदेश समाचार पत्र की एक वर्ष की यात्रा और पत्रकारिता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करने वाला है। साथ ही यह संदेश लोकतंत्र में जिम्मेदार और निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व को भी रेखांकित करता है।



