Tuesday, November 17, 2026
HomeIndiaपंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण में सरपंच पदों के लिए 89.01...

पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण में सरपंच पदों के लिए 89.01 प्रतिशत मतदान

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में जयपुर जिले की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए 89.01% मतदान हुआ। जमवारामगढ़ में सर्वाधिक 89.86%, आंधी में 89.25% और बस्सी में 89.01% वोटिंग दर्ज की गई।

जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत सोमवार को जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों—बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ। चारों पंचायत समितियों में कुल 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 3 लाख 62 हजार 502 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार सरपंच पदों के लिए कुल 89.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि पंचायत समिति-वार प्राप्त अंतिम आंकड़ों के अनुसार आंधी की 32 ग्राम पंचायतों में कुल 91 हजार 16 मतदाताओं में से 81 हजार 229 ने मतदान किया। यहां 89.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसी प्रकार बस्सी की 42 ग्राम पंचायतों में 1 लाख 29 हजार 159 मतदाताओं में से 1 लाख 14 हजार 968 ने मताधिकार का प्रयोग किया तथा मतदान प्रतिशत 89.01 रहा।

जमवारामगढ़ की 42 ग्राम पंचायतों में कुल 1 लाख 22 हजार 890 मतदाताओं में से 1 लाख 10 हजार 430 ने मतदान किया। यहां 89.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं तूंगा की 24 ग्राम पंचायतों में 64 हजार 215 मतदाताओं में से 55 हजार 875 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तथा मतदान प्रतिशत 87.01 रहा।

समयवार मतदान की जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रातः 10 बजे तक 19.71 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 43.63 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 61.45 प्रतिशत तथा सायं 6 बजे तक 85.27 प्रतिशत और अंतिम रूप से मतदान प्रतिशत 89.01 प्रतिशत रहा। जमवारामगढ़ में सर्वाधिक 89.86 प्रतिशत, आंधी में 89.25, बस्सी में 89.01 एवं तूंगा में 87.01 प्रतिशत मतदान।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image