झुंझुनूं/जयपुर। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ में चुनाव लड़ने के लिए हाईकोर्ट का फर्जी आदेश और नामांकन संबंधी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह (40) निवासी रूपपुरा, थाना सूरजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट सूरजगढ़ संदीप चौधरी ने इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने चुनाव लड़ने के उद्देश्य से हाईकोर्ट का फर्जी आदेश और नामांकन से जुड़े दस्तावेज तैयार किए तथा उनके आधार पर चुनाव लड़ने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजगढ़ थाना पुलिस ने जांच शुरू की और कथित फर्जी न्यायिक आदेश सहित संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की। अनुसंधान के दौरान विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और कथित चुनावी षड्यंत्र में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई झुंझुनूं एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने की।



