नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का चर्चित सरकारी आवास ‘शीशमहल’ अगले सप्ताह आम जनता के लिए खोला जाएगा। दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि लोगों के लिए टिकट बुकिंग और विजिट की व्यवस्था शुरू की जाएगी। इससे पहले मीडिया प्रतिनिधियों को बंगले का विशेष टूर कराया जाएगा।गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल वर्ष 2015 से 2024 तक परिवार के साथ सिविल लाइंस स्थित इस सरकारी बंगले में रहे थे। भाजपा ने इसके नवीनीकरण पर हुए भारी खर्च को लेकर इसे ‘शीशमहल’ नाम दिया था।
7.91 करोड़ का अनुमान, खर्च हुए 33.66 करोड़
दिल्ली विधानसभा में पेश CAG रिपोर्ट के अनुसार, बंगले के नवीनीकरण पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि शुरुआती अनुमान 7.91 करोड़ रुपये था। यानी निर्धारित अनुमान से करीब 342 प्रतिशत अधिक खर्च हुआ। रिपोर्ट में करीब 18.88 करोड़ रुपये महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च होने का उल्लेख है। साथ ही परियोजना में प्रक्रियागत और वित्तीय अनियमितताओं की ओर भी ध्यान दिलाया गया।
CBI जांच भी जारी
बंगले के नवीनीकरण में कथित गड़बड़ियों को लेकर CBI जांच चल रही है। इस मामले में भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने शिकायत की थी। अब दिल्ली सरकार के इसे आम जनता के लिए खोलने के फैसले के बाद ‘शीशमहल’ एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।



