जयपुर। राजधानी जयपुर की न्यू सांगानेर रोड पर अतिक्रमण हटाने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। राजस्थान हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) और नगर निगम को सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक सड़क के अतिक्रमण दो सप्ताह में हटाने के निर्देश दिए गए हैं। अदालत ने कार्रवाई पूरी कर पालना रिपोर्ट पेश करने को कहा है। जानकारी के अनुसार, करीब 2.4 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को मास्टर प्लान के अनुसार 100 फीट चौड़ा किया जाना है। अतिक्रमण के कारण सड़क की वास्तविक चौड़ाई कई जगह कम हो गई है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ रोजाना जाम की स्थिति भी बनती है।
18 नवंबर को कार्रवाई की तैयारी
हाईकोर्ट के आदेश के बाद JDA ने कार्रवाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, 18 नवंबर को विवेक विहार मेट्रो स्टेशन से पहले पिलर नंबर 84 से पिलर नंबर 102 के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। हालांकि, कार्रवाई की अंतिम तारीख और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि अक्टूबर में JDA ने गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार स्टेशन तक अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था। हालांकि, स्थानीय लोगों की आपत्तियों के बाद आगे की कार्रवाई रोक दी गई थी। अब हाईकोर्ट के नए आदेश के बाद अभियान दोबारा तेज होने की संभावना है।
7 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
इस मामले में हाईकोर्ट ने दो सप्ताह में अतिक्रमण हटाकर अनुपालन रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में आदेश की पालना नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होकर जवाब देना पड़ सकता है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित की गई है।



