जयपुर। (निहारिका वैष्णव)। राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों से जुड़ी रैगिंग की घटनाओं को लेकर बुधवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने एंटी-रैगिंग एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु निर्देश जारी किये। बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ , आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री बाबूलाल गोयल, निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी तथा एसएमएस मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की अध्यक्ष डॉ. मोनिका जैन शामिल रहे।
राजकॉप पुलिस ऐप के ज़रिये होंगी रैगिंग शिकायतें दर्ज
श्री खींवसर के निर्देशानुसार कॉलेज प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि सभी मेडिकल कॉलेजों के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को राजकॉप पुलिस ऐप डाउनलोड करवाया जाए, ताकि रैगिंग या अन्य दुर्घटनाएँ होने पर विद्यार्थी तुरंत पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा सकें और समय रहते आवश्यक कार्रवाई हो सके।
एंटी-रैगिंग मार्गदर्शन देगा एसएमएस मेडिकल कॉलेज
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि एसएमएस मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की टीम अन्य मेडिकल कॉलेज प्रशासनों की मेंटरिंग करे। उनके द्वारा तैयार की गई एंटी-रैगिंग गाइडलाइन को भी प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में लागू किया जाए ताकि नियमित निरीक्षण, निगरानी तथा शिकायतों का समाधान हो सके।
“युवा देश का भविष्य हैं,” बोले श्री खींवसर
निर्देश में विद्यार्थियों को रैगिंग के विरुद्ध जागरूक करने की गंभीरता भी जताई गई। नए विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से एंटी-रैगिंग संबंधी शपथ पत्र लिए जाएं तथा नए विद्यार्थियों को सहयोग देने के लिए मेंटर-मेंटी कार्यक्रम को प्रभावी बनाया जाए, इसपर ज़ोर डाला गया। बैठक में कहा गया कि युवा देश का भविष्य हैं, और किसी युवा का आत्मविश्वास, मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य कुछ लोगों के अनुचित व्यवहार से प्रभावित नहीं होना चाहिए।
रैगिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कॉलेजों को सुरक्षित और सहयोगपूर्ण रखने की भी बात हुई। बता दें कि रैगिंग में शामिल होने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। एंटी रैगिंग व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, इस बात पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बल दिया है।



