Saturday, November 14, 2026
HomeNational Newsडोटासरा का CM भजनलाल पर तंज- 'जश्न इस बात का मनाएं कि...

डोटासरा का CM भजनलाल पर तंज- ‘जश्न इस बात का मनाएं कि उन्होंने पूरी BJP को निपटा दिया’

राजस्थान में भजनलाल सरकार के तीन साल के कार्यकाल के जश्न को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

जयपुर। राजस्थान में भजनलाल सरकार के तीन साल के कार्यकाल के जश्न को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को तीन साल के जश्न के बजाय इस बात का जश्न मनाना चाहिए कि मुख्यमंत्री ने पूरी भाजपा को निपटा दिया।

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान डोटासरा ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में मंत्रियों की बात अधिकारी तक नहीं सुनते। यहां तक कि मंत्रियों के सचिव भी उनके आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। आम जनता के काम नहीं हो रहे और सचिवालय में कामकाज प्रभावित है।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल भ्रमित करने वाले भाषण देने और लोगों को डराने-धमकाने में लगे हैं। प्रदेश में बेरोजगार परेशान हैं और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने जयपुर में गैंगस्टरों की ओर से खुलेआम धमकियां दिए जाने का भी मुद्दा उठाया।

ब्यूरोक्रेसी पर भी साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने प्रदेश की नौकरशाही को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्यूरोक्रेट्स या तो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं या फिर इतने भयभीत हैं कि जायज काम करने से भी बच रहे हैं। अधिकारियों को डर है कि कहीं मुख्यमंत्री उनकी क्लास न लगा दें।

शिखर अग्रवाल प्रकरण पर मुख्यमंत्री से मांगा जवाब
डोटासरा ने शिखर अग्रवाल प्रकरण को लेकर भी मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेता और मीडिया पहले भी मुख्यमंत्री से पूछ चुके हैं कि मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी ने उनकी सहमति से संबंधित फाइल किस आधार पर चलाई?

उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में कितने लोग निर्धारित मापदंडों पर खरे उतरे और इसके बदले क्या-क्या लिया गया? डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री को सामने आकर इन सवालों का जवाब देना चाहिए, क्योंकि मुख्यमंत्री कार्यालय पर उठने वाले सवालों के साथ मुख्यमंत्री की जवाबदेही भी जुड़ी हुई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा नेताओं पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप भी लगाए।

तीन साल के कार्यकाल के जश्न के बीच डोटासरा के इन बयानों ने प्रदेश की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री और भाजपा की ओर से कांग्रेस के इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image