हैदराबाद। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शनिवार को गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजना लॉन्च की। इस पहल का उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स, राइडर्स और अन्य गिग वर्कर्स को आर्थिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराना है। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ भी मौजूद रहे। इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स के कल्याण को लेकर उनसे किया गया वादा अब पूरा हो गया है।
5 लाख का दुर्घटना बीमा और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स लंबे समय से कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। पहले उनके काम के घंटे, डिलीवरी की संख्या और वास्तविक कमाई से संबंधित विश्वसनीय आंकड़ों का अभाव था। नई व्यवस्था के तहत कामगारों को उनके काम, डिलीवरी और कमाई से जुड़ी जानकारी सीधे मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा हैदराबाद सहित प्रदेश के अन्य शहरों में राइडर्स के आराम करने के लिए वाई-फाई सुविधाओं से युक्त स्थान विकसित किए जाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स की पेंशन, सामाजिक सुरक्षा और बचत से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी विशेष कदम उठाए जाएंगे।
हर डिलीवरी की कमाई से गिग वर्कर्स को मिलेगा हिस्सा
योजना के तहत गिग वर्कर्स के लिए एक विशेष बोर्ड गठित करने की घोषणा की गई है। इसके माध्यम से प्रत्येक डिलीवरी से होने वाली कमाई का एक निर्धारित हिस्सा सीधे कामगारों के बैंक खातों में जमा किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सोच ऐसे श्रमिकों को सुरक्षा और सम्मान देने की है, जो अपनी मेहनत से अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं।
गिग वर्कर्स को मिलेगा आधिकारिक पहचान पत्र
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गिग वर्कर्स को कानूनी सुरक्षा और औपचारिक पहचान दिलाना है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में तेलंगाना में गिग वर्कर्स एक्ट लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने गिग वर्कर्स के लिए एक समर्पित बोर्ड बनाने और उन्हें आधिकारिक पहचान पत्र जारी करने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इस पहल से कामगारों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल और जरूरी सामाजिक सुरक्षा मिल सकेगी। रेवंत रेड्डी ने यह योजना जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर गिग वर्कर्स को समर्पित करने की बात भी कही।
रैली में बड़ी संख्या में शामिल हुए गिग वर्कर्स
योजना के शुभारंभ से पहले गिग वर्कर्स के समर्थन में एक रैली का आयोजन किया गया। इसमें राहुल गांधी, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। रैली शिल्परमम से जयभेरी मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में गिग वर्कर्स शामिल हुए। तेलंगाना सरकार की इस पहल को गिग इकोनॉमी से जुड़े कामगारों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में पेश किया जा रहा है।



