लखनऊ। उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आमने-सामने बैठकर गठबंधन की रणनीति पर चर्चा करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग के फॉर्मूले और चुनावी तालमेल को लेकर विस्तार से मंथन होने की संभावना है।
17 नवंबर को अखिलेश यादव और कांग्रेस नेताओं की बैठक
जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को होने वाली बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा 2027 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा तय करना होगा। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस INDIA गठबंधन के तहत चुनावी तालमेल को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनाना गठबंधन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
सपा ने तैयार किया कांग्रेस का ‘चुनावी डोजियर’
सीट शेयरिंग पर औपचारिक बातचीत से पहले समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति का आकलन करना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस का एक चुनावी डोजियर तैयार किया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर रही है। पार्टी गठबंधन में बराबर की साझेदारी चाहती है। वहीं, समाजवादी पार्टी का रुख है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं होना चाहिए, बल्कि उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता और संबंधित सीट पर पार्टी की स्थिति को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
2022 के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन रहा था कमजोर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस ने कुल 403 सीटों में से 399 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास और महाराजगंज की फरेंदा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की थी। वहीं, चार सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस के 399 उम्मीदवारों में से 387 की जमानत जब्त हो गई थी। पूरे प्रदेश में पार्टी को करीब 21.51 लाख वोट मिले थे।
सिर्फ 46 सीटों पर 10 हजार से ज्यादा वोट मिले
2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उत्तर प्रदेश की केवल 46 सीटें ऐसी थीं, जहां पार्टी को 10 हजार से अधिक वोट मिले थे। इन्हीं आंकड़ों को आधार बनाकर समाजवादी पार्टी सीटों के बंटवारे में कांग्रेस की दावेदारी का आकलन कर रही है।



