Saturday, November 14, 2026
HomeIndiaकेंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यूपी की राज्यसभा सीट से इस्तीफा...

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यूपी की राज्यसभा सीट से इस्तीफा दिया, मध्य प्रदेश से निर्विरोध चुने गए सांसद

नई दिल्ली। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली अपनी राज्यसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में वे मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, सभापति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। यह इस्तीफा 14 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है। हरदीप सिंह पुरी का मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुना जाना राजनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मध्य प्रदेश की यह सीट पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इसी सीट से हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

2020 में उत्तर प्रदेश से चुने गए थे राज्यसभा सांसद

हरदीप सिंह पुरी वर्ष 2020 में उत्तर प्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। अब मध्य प्रदेश से निर्विरोध निर्वाचन के बाद उन्होंने यूपी की राज्यसभा सीट छोड़ दी है। पुरी जुलाई 2021 में केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए गए थे। उन्हें पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के साथ आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। जुलाई 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार में उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली। फिलहाल वे पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय संभाल रहे हैं।

2017 में मंत्री परिषद में हुए थे शामिल

हरदीप सिंह पुरी को सितंबर 2017 में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री के रूप में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। मई 2019 में उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ ही वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था। जुलाई 2021 में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया और आवास एवं शहरी कार्य तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली।

1974 बैच के IFS अधिकारी रहे हैं हरदीप सिंह पुरी

हरदीप सिंह पुरी 1974 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी रहे हैं। उन्होंने अपने करीब 39 साल के राजनयिक करियर में विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे टोक्यो और कोलंबो में भारतीय मिशनों में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा यूनाइटेड किंगडम में डिप्टी हाई कमिश्नर और ब्राजील में भारत के राजदूत के रूप में भी काम किया। पुरी ने जिनेवा और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के तौर पर भी देश का प्रतिनिधित्व किया।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी निभाई अहम भूमिका

हरदीप सिंह पुरी ने वर्ष 2009 से 2013 के बीच न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया। अगस्त 2011 में वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष बने। इसके अलावा 2011 से 2012 के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद निरोधक समिति के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। रक्षा मंत्रालय में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनने वाले पहले भारतीय विदेश सेवा अधिकारी थे। उन्होंने 1994 से 1997 तक भारतीय नौसेना के लिए डिवीजन हेड के रूप में काम किया। इसके साथ ही रक्षा योजना और समन्वय से जुड़े कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image