जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश की भजनलाल सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर नई मुहिम शुरू की है। ‘बजट फाइल्स’ नाम से शुरू की गई इस वीडियो सीरीज के पहले एपिसोड में गहलोत ने जल जीवन मिशन के कामकाज को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बजट में घोषणाओं और आंकड़ों की पाइपलाइन तो बिछा रही है, लेकिन प्रदेश के लाखों परिवारों तक अब तक पानी नहीं पहुंचा है।
गहलोत के मुताबिक, राजस्थान के करीब 44 लाख परिवार आज भी नल कनेक्शन के इंतजार में हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा रफ्तार से काम जारी रहा तो इन परिवारों तक पानी पहुंचाने में 30 साल से अधिक समय लग सकता है। गहलोत ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों और बजट में की गई घोषणाओं का वास्तविक हिसाब जनता को कब मिलेगा?
एक साल बनाम तीन साल के आंकड़ों पर सरकार से जवाब मांगा
गहलोत ने जल जीवन मिशन के तहत कांग्रेस और भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए दावा किया कि कांग्रेस सरकार के एक साल में 13.88 लाख नल कनेक्शन दिए गए, जबकि भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल में 12.95 लाख कनेक्शन ही दिए जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि दो साल बनाम पांच साल के आंकड़ों की तुलना करने वाले मुख्यमंत्री अब जल जीवन मिशन में एक साल बनाम तीन साल के आंकड़ों पर भी जवाब दें।
45 लाख घरों में कनेक्शन देने के वादे का क्या हुआ?
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र और बजट घोषणाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में 2025 तक हर घर तक पानी पहुंचाने का वादा किया था। फरवरी 2024 में विधानसभा में सरकार ने एक साल में 25 लाख घरों को नल कनेक्शन देने की बात कही। इसके बाद वर्ष 2025 के बजट में 20 लाख अतिरिक्त कनेक्शन देने की घोषणा की गई।
हालांकि, गहलोत ने दावा किया कि इन घोषणाओं के मुकाबले जमीनी काम काफी पीछे रहा। उनके अनुसार, वर्ष 2024-25 में 25 लाख कनेक्शन के लक्ष्य के मुकाबले केवल 9.44 लाख कनेक्शन दिए गए। वहीं 2025-26 में यह संख्या घटकर 2.71 लाख रह गई। इस साल अक्टूबर तक केवल 79 हजार नए कनेक्शन दिए जाने का दावा भी उन्होंने किया। गहलोत ने कहा कि 45 लाख घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने की घोषणा के बावजूद तीन साल में 14 लाख कनेक्शन भी नहीं लगाए जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के वादे हर साल बड़े होते गए, लेकिन काम की रफ्तार लगातार कम होती गई।
‘इंतजार शास्त्र’ के बाद अब ‘बजट फाइल्स’
गौरतलब है कि अशोक गहलोत ने मार्च 2026 में ‘इंतजार शास्त्र’ के जरिए भी भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की थी। अब उन्होंने ‘बजट फाइल्स’ नाम से नई वीडियो सीरीज शुरू की है। इस सीरीज के तहत हर शनिवार को राज्य सरकार की बजट घोषणाओं और चुनावी वादों की पड़ताल की जाएगी। गहलोत के मुताबिक, सरकार अब तक लेखानुदान 2024, संशोधित बजट 2024-25, बजट 2025-26 और बजट 2026-27 सहित चार बजट दस्तावेज पेश कर चुकी है। इनमें सड़क, खेल, पेयजल, स्वास्थ्य, शहरी विकास और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी कई घोषणाएं की गई हैं।
गहलोत का कहना है कि इस सीरीज के जरिए हर सप्ताह एक बड़ी घोषणा का हिसाब जनता के सामने रखा जाएगा और यह बताया जाएगा कि बजट में किए गए वादों पर वास्तव में कितना काम हुआ है।



