नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित बीजेपी विस्तार कार्यालय में दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया के लोगों का स्वागत करते हुए कहा, ”आज ब्रेकिंग न्यूज वाले लोग नॉन-ब्रेकिंग न्यूज वाले कार्यक्रम में आए हैं।” उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत मीडिया के पुराने चेहरों को याद करते हुए की।
पीएम मोदी ने याद किए पुराने दिन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 25 सालों में देश, दुनिया, राजनीति और मीडिया का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। कुछ काम आसान हुए हैं तो कुछ मुश्किल भी हुए हैं। पहले खबरों की कवरेज के लिए ओबी वैन का इस्तेमाल होता था, लेकिन अब मोबाइल ही ओबी वैन बन गया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय हर कोई अपने परिवार और अपनों के साथ समय बिताना चाहता है। मीडिया का काम ऐसा है, जिसमें ब्रेकिंग न्यूज की भागदौड़ लगातार बनी रहती है। इसके बावजूद पत्रकार इस नॉन-ब्रेकिंग न्यूज कार्यक्रम में शामिल हुए, इसके लिए उन्होंने आभार जताया।
अशोका रोड बीजेपी ऑफिस के दिनों को किया याद
पीएम मोदी ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वे दिल्ली आए थे, तब अशोका रोड स्थित बीजेपी कार्यालय में मीडिया का दायित्व संभालते थे। उस समय वे पत्रकारों के लिए कुर्सियां लगाया करते थे। उन्होंने कहा कि उस दौर में कैमरे कम हुआ करते थे, लेकिन मीडिया के लोगों से अच्छी जान-पहचान थी और माहौल काफी उत्साहपूर्ण रहता था। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस समय के अनुभव आज भी उनके बहुत काम आते हैं। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने मीडिया के बदलते स्वरूप और पुराने साथियों के साथ अपने अनुभवों को साझा किया।



