Thursday, November 12, 2026
HomeIndiaकिश्तवाड़ में 2 लापता SPO के गोलियों से छलनी मिले शव, आतंकियों...

किश्तवाड़ में 2 लापता SPO के गोलियों से छलनी मिले शव, आतंकियों की आशंका से अलर्ट सुरक्षा एजेंसियां

किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या का मामला सामने आया है। दोनों जवानों के शव गोलियों से छलनी हालत में बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप में तैनात थे। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि दोनों जवानों के सर्विस हथियार मौके से गायब मिले हैं। ऐसे में आतंकियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मोबाइल बंद होने के बाद शुरू हुई तलाश

जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान दोनों SPO से शुरुआत में मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद उनके फोन बंद हो गए। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी तलाश शुरू की। जंगल और पहाड़ी इलाकों में कई टीमें तैनात की गईं। दुर्गम इलाकों में तलाशी अभियान के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई। शव बरामद होने के बाद आसपास के घने जंगलों में घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें अभियान में जुटी हैं।

बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने जताई चिंता

किश्तवाड़ से बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि एक शव सुबह करीब 8 बजे और दूसरा सुबह 9 बजे बरामद हुआ। विधायक ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए गृह मंत्री अमित शाह से घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। दोनों जवानों के सर्विस हथियार गायब होने और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image