जयपुर: राजस्थान में NEET UG स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड के तहत निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की सभी रिक्त सीटों का आवंटन कर दिया गया है। इस विशेष राउंड में कुल 157 सीटें उपलब्ध थीं, जिनमें 136 एमबीबीएस और 21 बीडीएस सीटें शामिल थीं। चिकित्सा शिक्षा प्रवेश बोर्ड ने सभी सीटों पर अभ्यर्थियों को आवंटन कर दिया है। सीटों के वर्गीकरण के अनुसार, एमबीबीएस की 136 सीटों में 76 निजी जनरल कोटा और 60 मैनेजमेंट कोटा की सीटें थीं। वहीं, बीडीएस की 21 सीटों में 13 जनरल कोटा और 8 मैनेजमेंट कोटा की सीटें शामिल थीं।
इससे पहले ही राजस्थान के सभी सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की एमबीबीएस एवं बीडीएस सीटें भर चुकी थीं। ऐसे में स्पेशल स्ट्रे राउंड के तहत केवल निजी कॉलेजों में खाली बची सीटों पर ही आवंटन किया गया।
यह खबर भी पढ़ें:-कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला
12 नवंबर से डाउनलोड कर सकेंगे अलॉटमेंट लेटर
सीट आवंटित होने वाले अभ्यर्थी 12 से 16 नवंबर तक दोपहर 2 बजे तक अपना अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। इसी अवधि में निर्धारित ट्यूशन फीस भी जमा करानी होगी। इसके बाद 13 से 16 नवंबर तक शाम 4 बजे तक कॉलेज में रिपोर्टिंग और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेजों और फीस के साथ व्यक्तिगत रूप से जयपुर स्थित एसएमएस मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक में बनाए गए डेस्क पर उपस्थित होना होगा।
यह खबर भी पढ़ें:-कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतरे, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करें अभ्यर्थी
नीट चेयरमैन डॉ. बीएल कुमावत ने सभी आवंटित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा में फीस जमा कराने और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी 16 नवंबर की अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की तारीख आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। ऐसे में आवंटित अभ्यर्थियों के लिए समय पर फीस जमा कराना और कॉलेज में रिपोर्टिंग करना जरूरी होगा।



