Thursday, November 12, 2026
HomeLatest NewsJaipur Murder Case: हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

Jaipur Murder Case: हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे 2019 में हुई कैलाश की हत्या का बदला लेने की रंजिश थी। कैलाश के बेटे हनीश ने साथियों के साथ मिलकर विजय पर हमला किया।

जयपुर। जयपुर में सात साल पुरानी खूनी रंजिश का खौफनाक अंत हुआ। हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया (25) की बुधवार रात जगदंबा नगर इलाके में बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में हत्या के पीछे पिता की हत्या का बदला लेने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, विजय बाजिया ने वर्ष 2019 में कैलाश नाम के युवक की हत्या की थी। इसके बाद से कैलाश का बेटा हनीश गोल्या विजय से बदला लेने की फिराक में था। आरोप है कि बुधवार रात हनीश ने अपने साथियों के साथ मिलकर विजय को घेर लिया और उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

कैम्पर से टक्कर मारकर रोकी फॉर्च्यूनर

विजय बाजिया जोबनेर के तिबारियां गांव का रहने वाला था। बुधवार शाम वह फॉर्च्यूनर से कालवाड़ की तरफ से जयपुर आ रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोपहर करीब 3 बजे से ही कैम्पर गाड़ी से उसका पीछा कर रहे थे। शाम करीब 7:15 बजे जगदंबा नगर इलाके में आरोपियों ने उसकी फॉर्च्यूनर को कैम्पर से टक्कर मारकर रोक दिया। इसके बाद विजय ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया और कुल्हाड़ी से वार किए। घायल विजय को कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता की हत्या के बाद बदले की फिराक में था बेटा

पुलिस जांच में सामने आया कि विजय और कैलाश के परिवारों के घरों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी है। दोनों परिवार पहले साथ रहते थे, लेकिन विवाद के बाद दुश्मनी हो गई थी। वर्ष 2019 में शराब के ठेके पर कैलाश की हत्या हुई थी। इस मामले में विजय जेल भी गया था। पुलिस के अनुसार, विजय के जेल से बाहर आने के बाद हनीश ने उस पर कई बार हमला करने की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक, पहले भी चार से पांच बार हमले हो चुके थे, लेकिन विजय बच गया था।

विजय के खिलाफ दर्ज थे 15 आपराधिक मामले

विजय बाजिया पिछले कुछ समय से कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर प्रॉपर्टी का काम कर रहा था। जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में उसके खिलाफ कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले भी शामिल थे। वह करीब 10 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था।

सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था विजय

आपराधिक मामलों के बीच विजय राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमाना चाहता था। वह खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने इलाके में पोस्टर भी लगवाए थे। हालांकि, उसकी आपराधिक छवि और मुकदमों के चलते गांव के लोगों ने उसे चुनाव मैदान में उतरने से रोक दिया था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image