Anil Kumble On Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है. उनका कहना है कि बल्लेबाजी की रेंज, आत्मविश्वास और स्वभाव उन्हें बाकी बल्लेबाजों से अलग बनाते हैं. उन्होंने यहां तक कहा कि यह युवा खिलाड़ी IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ सकता है. मुंबई उनके के लिए आदर्श मैदान होगा जहां वह यह सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.
क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते वैभव सूर्यवंशी
बता दें कि महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है. मौजूदा सीजन में वह 53 छक्के लगा चुके हैं और अब उन्हें गेल के 2012 में बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए सिर्फ 6 छक्कों की जरूरत है.
वैभव ने लखनऊ के खिलाफ खेली तूफानी पारी
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ बुधवार को विस्फोटक बल्लेबाजी की. उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन ठोक दिए, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान ने 221 रन के बड़े लक्ष्य को 7 विकेट रहते आसानी से हासिल कर लिया.
‘वैभव सूर्यवंशी रच सकते हैं इतिहास’
अनिल कुंबले ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, ‘उन्होंने इस आईपीएल सीजन में अभी तक 53 छक्के लगा दिए हैं. एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 59 छक्के लगाए थे. मुझे लगता है कि वैभव सूर्यवंशी इस रिकॉर्ड को तोड़कर इतिहास रच सकते हैं.’
कुंबले ने आगे कहा कि बहुत कम बल्लेबाज कवर के ऊपर से इतनी आसानी से छक्के लगा पाते हैं, लेकिन वैभव ने दिग्वेश राठी के खिलाफ कई बार ऐसा करके दिखाया. उन्होंने कहा, ‘मेरे पास इस लड़के की तारीफ के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं. यह खिलाड़ी बहुत खास है और इतनी कम उम्र में भी काफी परिपक्व नजर आता है.’



