Stock Market Closing: कमजोर वैश्विक संकेतों और दिनभर की भारी उतार-चढ़ाव के बीच घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को शानदार रिकवरी दिखाई. अंतिम घंटे में हुई जोरदार खरीदारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी की बदौलत बाजार हरे निशान में बंद हुआ. BSE Sensex 117.54 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,318.39 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 671.44 अंक तक टूटकर 74,529.41 अंक के निचले स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन आखिरी घंटे की लिवाली ने बाजार को संभाल लिया. वहीं निफ्टी भी 41 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,659 अंक पर बंद हुआ.
इन कंपनियों के शेयर में फायदा और नुकसान
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे ज्यादा 2.83 प्रतिशत उछला. इसके अलावा जाज फिनसर्व, ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली. दूसरी ओर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक महिंद्रा, इटर्नल और टाटा स्टील प्रमुख रूप से नुकसान में रहे.
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘वाहन, वित्तीय और तेल एवं गैस क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से बाजार ने दिन के निचले स्तर से वापसी की.’ उन्होंने कहा कि रुपये की कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें महंगाई और कंपनियों के मुनाफे पर दबाव की चिंता बढ़ा रही हैं, जबकि विदेशी निवेशकों का रुख मिला-जुला बना हुआ है.
एशियाई और यूरोपीय शेयर बाजारों का हाल
इस बीच वैश्विक बाजारों में मिश्रित रुख देखने को मिला. एशियाई बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में बंद हुए. वहीं यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी का माहौल रहा. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 2 प्रतिशत गिरकर 109 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को 2,457.49 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की थी.
ये भी पढ़ें: ‘इस खिलाड़ी में है कुछ खास’ वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के मुरीद हुए अनिल कुंबले, कर दी बड़ी भविष्यवाणी



