विशाखापट्टनम/चेन्नई/भुवनेश्वर। (निहारिका वैष्णव)। शुक्रवार दोपहर तक चक्रवाती तूफान अकवान आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी बीच तट तक पहुँच सकता है। अनुमानित है कि इस दौरान 90 से 110 kmph की तेज़ी से हवाएं चलेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक नेवी और अन्य एजेंसियां चक्रवात अकवान का सामना करने के लिए तैयारी कर रही हैं। तूफान के चलते ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश भी हो रही है। इसी के तहत गुरुवार को रेलवे ने 3 ट्रेनों के रवाना होने के समय में बदलाव किए हैं।
चक्रवात का असर इन 10 राज्यों पर अनुमानित
- आंध्र प्रदेश में इसका सबसे ज्यादा असर होने की आशंका है। मौसम विभाग ने 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। तूफान शुक्रवार को नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है।
- ओडिशा में अगले दो दिन तक भारी बारिश का अनुमान है जिसका असर गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में ज्यादा हो सकता है।
- तमिलनाडु के उत्तरी भाग में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 60 से 70kmph तक पहुंच सकती है और चेन्नई एवं अन्य तटीय इलाकों में जलभराव हो सकता है।
- पुडुचेरी कराईकल में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण तटीय इलाकों में परेशानी हो सकती है।
- तेलंगाना में अगले दो दिन भारी से बहुत भारी बरसात और स्थानीय स्तर पर बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
- पश्चिम बंगाल के दक्षिणी इलाकों में बारिश हो सकती है।
- झारखंड के कुछ इलाकों में 20 और 21 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है।
- छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 20 और 21 नवंबर को बारिश हो सकती है, लेकिन यहाँ चक्रवात सीधे नहीं टकराएगा। दक्षिणी और उत्तरी जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका है।
- बिहार के गया, नवादा और 5 अन्य जिलों में 20 और 21 नवंबर को बरसात हो सकती है।
- पूर्वी मध्य प्रदेश में चक्रवात का असर दिख सकता है, व अगले दो दिन बारिश और आंधी की आशंका है।
ईरान ने राक्षस पर आधारित ‘अकवान’ रखा नाम
फारसी साहित्य के महाकाव्य ‘शाहनामा’ में ‘अकवान-ए-दीव’ नाम के एक शक्तिशाली दानव का उल्लेख है, जिसके आधार पर ईरान ने चक्रवात का नाम अकवान रखा है। इस कहानी में योद्धा रुस्तम का मुकाबला अकवान नामक एक दानव से होता है।



