Wednesday, June 10, 2026
HomeLatest News'नेहरू के योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता', नरेन्द्र मोदी से...

‘नेहरू के योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता’, नरेन्द्र मोदी से तुलना पर शरद पवार का बड़ा बयान

Sharad Pawar on PM Modi: शरद पवार ने कहा कि नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि महत्वपूर्ण है, लेकिन उनकी तुलना जवाहरलाल नेहरू से नहीं की जा सकती। पवार ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में नेहरू का योगदान ऐतिहासिक है।

Sharad Pawar on PM Modi: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के अध्यक्ष शरद पवार ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की भूमिका और योगदान की सराहना करते हुए कहा है कि नेहरू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच तुलना नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू के योगदान को देश कभी नहीं भूल सकता.

‘नेहरू से किसी अन्य नेता की तुलना नहीं की जा सकती’

राकांपा (शप) के 27वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और प्रधानमंत्री पद का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन नेहरू के योगदान को किसी अन्य नेता के साथ तुलनीय नहीं माना जा सकता.

‘नेहरू तो नेहरू हैं’

पवार ने कहा, ‘यह अच्छी बात है कि नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं. संसदीय लोकतंत्र में प्रधानमंत्री का पद संवैधानिक है और उसका सम्मान होना चाहिए. लेकिन नेहरू तो नेहरू हैं और भारतीय उनके त्याग और योगदान को कभी नहीं भूल सकते.’ उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कई वर्षों तक जेल में रहकर संघर्ष किया था. राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है और उनके योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए.

केंद्र सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन में शरद पवार ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग किसानों, शिक्षित बेरोजगारों और महिलाओं की समस्याओं से अनभिज्ञ हैं. पवार ने कहा कि देश इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रहा है और विदेश नीति भी अपेक्षित स्तर पर सफल होती नजर नहीं आ रही है.

ऑपरेशन ब्लू स्टार को ‘काला दिवस’बताने वालों को लिया आड़े हाथ

इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता गिरीश महाजन के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार को ‘काला दिवस’ बताया था और उसकी तुलना ऐतिहासिक हमलों से की थी. पवार ने कहा कि ऐसा बयान स्वीकार्य नहीं है. ऑपरेशन ब्लू स्टार इंदिरा गांधी का एक बलिदान था.

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की सुरक्षा और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी और ऑपरेशन ब्लू स्टार को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए. पवार ने सिख समुदाय के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है.

गौरतलब है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की स्थापना वर्ष 1999 में शरद पवार ने की थी. पार्टी में विभाजन के बाद शरद पवार और अजित पवार के नेतृत्व में दो अलग-अलग गुट सक्रिय हैं, जो अलग-अलग तिथियों पर अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं.

ये भी पढ़ें: अजय देवगन की ‘धमाल 4’ की नई रिलीज डेट का ऐलान, इस तारीख को सिनेमाघरों में देगी दस्तक, फर्स्ट लुक भी किया शेयर


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image