Wednesday, June 10, 2026
HomeLatest Newsभारतीय-अमेरिकी इंजीनियर की ‘ड्रोन बोट’ ने होर्मुज में अमेरिकी सैनिकों को बचाया,...

भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर की ‘ड्रोन बोट’ ने होर्मुज में अमेरिकी सैनिकों को बचाया, समुद्री बचाव मिशन में रचा नया इतिहास

होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर के चालक दल को बचाने के लिए इस्तेमाल की गई ड्रोन नाव ‘कोर्सेयर’ का निर्माण टेक्सास स्थित कंपनी सैरोनिक टेक्नोलॉजी ने किया था, जिसके सह-संस्थापकों में भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर वैभव आल्टेकर शामिल हैं।

Corsair Drone Boat : वाशिंगटन। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को निशाना बनाए जाने के बाद चालक दल के दो सदस्यों को सुरक्षित बचाने के लिए जिस अत्याधुनिक ड्रोन नाव का इस्तेमाल किया गया, वह अब वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। इस मानवरहित समुद्री नाव का निर्माण टेक्सास स्थित सैरोनिक टेक्नोलॉजी ने किया है, जिसके संस्थापकों में भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर वैभव आल्टेकर भी शामिल हैं।

‘सैरोनिक टेक्नोलॉजी’ की ओर से विकसित ड्रोन नाव ‘कोर्सेयर’ से संचालित बचाव अभियान अमेरिकी सशस्त्र बलों की ओर से चलाया गया अपनी तरह का पहला मिशन था। अमेरिकी बल इस तरह के अभियानों के काफी समय से मानवरहित विमानों का इस्तेमाल करते आ रहे हैं। कैप्टन टिम हॉकिंस ने मंगलवार को कहा कि यह एक स्वचालित समुद्री नाव से संचालित अमेरिका का पहला बचाव अभियान था, जिसे एक मानव संचालक दूर से निर्देशित कर रहा था।

हॉकिंस के मुताबिक, 24 फुट लंबी ‘कोर्सेयर’ डीजल पर चलती है और 35 नॉट तक की अधिकतम रफ्तार अख्तियार कर सकती है। उन्होंने बताया कि यह ड्रोन नाव 1,000 पौंड तक का भार उठाने में सक्षम है और एक बार में 1,000 नॉटिकल मील की दूरी तय कर सकती है। ‘सैरोनिक टेक्नोलॉजी’ की ‘लिंक्डइन प्रोफाइल’ के मुताबिक, उसने स्वचालित समुद्री नाव के उत्पादन के लिए अमेरिकी नौसेना के साथ 39.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर का करार कर रखा है।

‘नेवी सील’ से 11 साल तक जुड़े रहे डीनो मवरुकास ने वैभव आल्टेकर, डग लैंबर्ट और रॉब लीहमन के साथ मिलकर सितंबर 2022 में ‘सैरोनिक टेक्नोलॉजी’ की स्थापना की थी। कंपनी का मुख्यालय टेक्सास के ऑस्टिन में है। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले आल्टेकर ‘सैरोनिक टेक्नोलॉजी’ के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) हैं।

कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रोफाइल के अनुसार, आल्टेकर ‘सैरोनिक टेक्नोलॉजी’ की स्वचालित प्रणालियों और सॉफ्टवेयर आर्किटेक्चर के विकास का काम देखते हैं। वह ‘फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियरिंग’, ‘प्रोडक्ट’ और ‘स्पेशल प्रोग्राम्स’ के साथ-साथ ‘सॉफ्टवेयर’ टीम का नेतृत्व करते हैं, जिसमें उन्हें प्रोडक्ट अवधारणा, नेविगेशन, मशीन लर्निंग, कमांड एंड कंट्रोल और सिस्टम्स इंटीग्रेशन जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले कर्मियों के साथ काम करने का मौका मिलता है। आल्टेकर सैन्य प्रौद्योगिकी कंपनी ‘एंड्युरिल इंडस्ट्रीज’ से भी जुड़े रहे हैं, जिसने रॉयल ऑस्ट्रेलियन नेवी के लिए ‘घोस्ट शार्क’ ड्रोन पनडुब्बी सहित कई अन्य सैन्य उपकरणों का निर्माण किया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image