NEET UG 2026, Rajasthan Congress Protest: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने NEET-2026 पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है. पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नेशनल टेस्टिंग ऐजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग उठाई है.
21 मई को जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय का घेराव
कांग्रेस ने घोषणा की है कि 21 मई को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में भाजपा मुख्यालय का घेराव किया जाएगा. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे. प्रदेश कांग्रेस के महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि NEET पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है.
भाजपा नेताओं की संलिप्तता का भी आरोप लगाया
उन्होंने इसमें भाजपा नेताओं की संलिप्तता का भी आरोप लगाया और कहा कि पिछले वर्षों में भी ऐसे पेपर लीक हुए, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं की गई. कांग्रेस का कहना है कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
शहीद स्मारक से भाजपा कार्यालय तक मार्च निकाला जाएगा
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ता 21 मई की सुबह जयपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्र होंगे. इसके बाद शहीद स्मारक होते हुए भाजपा कार्यालय तक मार्च निकाला जाएगा, जहां विरोध प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा. कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. पार्टी का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर वह पीछे हटने वाली नहीं है.
ये भी पढ़ें: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने टीकाराम जूली को लेकर ऐसा क्या कहा कि विधानसभा में गूंज उठे ठहाके



