Monday, May 18, 2026
HomeLatest Newsराज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने टीकाराम जूली को लेकर ऐसा क्या कहा कि...

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने टीकाराम जूली को लेकर ऐसा क्या कहा कि विधानसभा में गूंज उठे ठहाके

Rajasthan Politics: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने विधानसभा कार्यक्रम में टीकाराम जूली के नाम को लेकर मजेदार टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले उन्हें लगा था कि जूली कोई वरिष्ठ नेता होंगे, लेकिन वे काफी युवा निकले। उन्होंने हंसते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री बनने की आपकी संभावना कम लगती है, क्योंकि आपकी पार्टी में लंबी लाइन लगी है।” राज्यपाल की इस टिप्पणी पर पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।

Rajasthan Politics: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सोमवार को विधानसभा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर ऐसा मजेदार तंज कसा कि पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा. राज्यपाल का हल्का-फुल्का और हास्यपूर्ण अंदाज कार्यक्रम में चर्चा का विषय बन गया.

राज्यपाल ने टीकाराम जूली पर ली चुटकी

दरअसल, जैसे ही राज्यपाल बागडे ने अपना संबोधन शुरू किया, उन्होंने सबसे पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नाम को लेकर चुटकी ली. राज्यपाल ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘जब मैंने पहली बार नेता प्रतिपक्ष का नाम ‘टीकाराम’ सुना, तो मुझे लगा कि राजस्थान के पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री टीकाराम पालीवाल की तरह ही ये भी कोई बुजुर्ग और वरिष्ठ नेता होंगे. लेकिन जब मैंने जूली जी को देखा तो पाया कि ये तो काफी युवा हैं और बहुत अच्छा बोलते हैं.’

‘आपका मुख्यमंत्री बनने का नंबर आएगा, लगता नहीं’

इसके बाद राज्यपाल ने टीकाराम जूली के मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं पर भी मजेदार टिप्पणी कर दी. उन्होंने कहा, ‘राजस्थान के पहले मुख्यमंत्री टीकाराम पालीवाल जी थे, वो तो मुख्यमंत्री बनकर चले गए. लेकिन जूली जी, आप भविष्य में मुख्यमंत्री बनेंगे या नहीं, यह मुझे नहीं पता. वैसे आपकी संभावना कम लगती है, क्योंकि आपकी पार्टी में आपके आगे बहुत लंबी लाइन लगी हुई है. आपका नंबर कब आएगा, मुझे तो नहीं लगता? राज्यपाल की इस टिप्पणी के बाद सभा में मौजूद लोग जोरदार ठहाके लगाने लगे. माहौल पूरी तरह हल्का-फुल्का और हास्य से भर गया.

महाराष्ट्र की राजनीति का दिया उदाहरण

हरिभाऊ बागडे ने आगे कहा कि राजनीति में परिस्थितियां कब बदल जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता. उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने वहां विपक्ष के 2-2 नेताओं को इस्तीफा देकर सरकार में मंत्री बनते देखा है.

इस दौरान जब राज्यपाल ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की तरफ देखा, तो जूली ने भी मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर ‘ना’ का इशारा किया। हालांकि राज्यपाल ने तुरंत स्पष्ट किया कि वह राजस्थान की नहीं बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति का उदाहरण दे रहे हैं। तभी कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने मजाक में कहा कि “जूली जी चाहें तो यहां भी ऐसा हो सकता है,” जिसके बाद एक बार फिर पूरा हॉल हंसी से गूंज उठा.

ये भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा के 75 साल पूरे होने पर नए लोगो का विमोचन, 13 द्वारों का भी हुआ नामकरण


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular