जयपुर। राजस्थान में नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के अंदर टिकट वितरण को लेकर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। जयपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा के आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मंजूलता मीणा कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि टिकट वितरण में पार्टी के लिए लंबे समय से काम कर रहे स्थानीय और सक्रिय कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि उनकी जगह बाहरी चेहरों या पार्टी के प्रभावशाली नेताओं के करीबी लोगों को टिकट देने की तैयारी की जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान निकाय चुनाव: नामांकन के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी और समर्थकों पर नकाबपोशों का हमला, 3 घायल
वार्ड 64 से टिकट की दावेदारी
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजूलता मीणा ने बताया कि वह बगरू विधानसभा क्षेत्र के जगतपुरा ब्लॉक के वार्ड नंबर 64 से कांग्रेस टिकट की दावेदार हैं। यह वार्ड अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। मीणा का कहना है कि वह इसी वार्ड की स्थानीय निवासी और मतदाता हैं। इसके अलावा महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष के तौर पर वह लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। ऐसे में उन्होंने पार्टी से स्थानीय कार्यकर्ता और महिला कांग्रेस के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाने की मांग की है।
उनका कहना है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लगातार सड़क से लेकर संगठन के कार्यक्रमों तक कांग्रेस की आवाज को मजबूत किया है। ऐसे में चुनाव के समय जमीनी कार्यकर्ताओं को भी मौका मिलना चाहिए।
टिकट को लेकर कांग्रेस की गाइडलाइन का हवाला
मंजूलता मीणा ने टिकट की दावेदारी के समर्थन में कांग्रेस की उस गाइडलाइन का भी हवाला दिया, जिसके मुताबिक उम्मीदवार का संबंधित वार्ड का निवासी होना जरूरी बताया गया है। पार्टी की ओर से वार्ड बदलकर चुनाव लड़ने की कोशिशों को हतोत्साहित करने और स्थानीय स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। मंजूलता मीणा का दावा है कि वह इन दोनों ही मानकों पर खरी उतरती हैं। इसी आधार पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व से वार्ड 64 से अपनी दावेदारी पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।
यह खबर भी पढ़ें:-‘मुर्गा बना दो, वोट नहीं देंगे’, सचिन पायलट के गढ़ टोंक में निकाय चुनाव के बहिष्कार का ऐलान
जयपुर में 11 सितंबर को मतदान
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित हो चुका है। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 11 सितंबर 2026 को मतदान होना है, जबकि निकाय चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित की गई है। ऐसे में टिकट वितरण को लेकर राजनीतिक दलों के भीतर गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भाजपा ने सोमवार को जयपुर के 150 वार्डों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। कांग्रेस में भी टिकटों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है।
टिकट वितरण से पहले जयपुर कांग्रेस में सामने आया यह विरोध पार्टी के लिए चुनौती बढ़ा सकता है। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व नाराज कार्यकर्ताओं को कैसे साधता है और वार्ड 64 समेत अन्य सीटों पर टिकट को लेकर चल रही दावेदारों की खींचतान का क्या समाधान निकलता है।



