सीकर। राजस्थान में निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया के आखिरी दिन सीकर जिले के फतेहपुर से हंगामे की खबर सामने आई है। एसडीएम कार्यालय के बाहर कुछ नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर कथित तौर पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। वारदात में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद नामांकन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया है।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर नगर निगम चुनाव: BJP का ‘नारी शक्ति’ पर बड़ा दांव, 145 प्रत्याशियों में 52 महिलाओं को टिकट…देखें पूरी लिस्ट
नामांकन दाखिल कर बाहर निकले थे प्रत्याशी
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर नगर निकाय के वार्ड नंबर 15 से कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद अपने समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय से बाहर निकले थे। इसी दौरान कार्यालय के बाहर मौजूद नकाबपोश बदमाशों ने उन पर और उनके साथ आए लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हमले में तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय धानुका अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप
घटना के बाद घायल लोगों और प्रत्याशी के समर्थकों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। उनका यह भी आरोप है कि नामांकन स्थल के बाहर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं थी, जिसका फायदा उठाकर नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। समर्थकों के मुताबिक, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए। हालांकि, हमले की पूरी वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह खबर भी पढ़ें:-निकाय चुनाव: नामांकन के आखिरी दिन बढ़ी हलचल, 35 हजार से ज्यादा पर्चे भरने की संभावना
नामांकन का आज आखिरी दिन
राजस्थान के 309 नगरीय निकायों में चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया का आज अंतिम दिन है। उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। आखिरी दिन होने के कारण अलग-अलग नामांकन केंद्रों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ देखने को मिल रही है।
नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को सुबह 11 बजे से होगी। इसके बाद उम्मीदवारों को 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी और उनके चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
फतेहपुर में नामांकन स्थल के बाहर हुई इस घटना ने चुनावी माहौल को जरूर गर्म कर दिया है। अब पुलिस की जांच में यह सामने आना बाकी है कि हमला किस वजह से हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे।



