जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने चुनाव परिणामों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए EWS आरक्षण, सूखे की स्थिति, गौवंश की बदहाली और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता अपने वोट के जरिए सरकारों को उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराती है।
भाटी ने EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन राज्य और केंद्र सरकारों ने इस पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल का प्रमुख वोट बैंक माने जाने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों ने अपनी नाराजगी मतदान के जरिए जाहिर की है।
सूखे और गौवंश की स्थिति पर भी सरकार को घेरा
निर्दलीय विधायक ने प्रदेश में सूखे की स्थिति को लेकर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सूखे की चुनौती से निपटने में विफल रही है। गौवंश का मुद्दा उठाते हुए भाटी ने कहा कि गायों के नाम पर राजनीति तो की जाती है, लेकिन चारे और पानी की कमी के कारण गायों की मौत हो रही है।
भ्रष्टाचार और कार्यकर्ताओं की अनदेखी को बताया नाराजगी की वजह
भाटी ने भ्रष्टाचार और पार्टी के परंपरागत वोट बैंक की कथित उपेक्षा को भी चुनावी नतीजों से जोड़ा। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता और मतदाता हर चुनाव में पार्टी के लिए मेहनत करते हैं, जब वही खुद को उपेक्षित महसूस करने लगते हैं, तो इसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई देता है। उन्होंने राजस्थान के पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि जनता ने अपने मताधिकार के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। भाटी के इस बयान के बाद पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर प्रदेश की राजनीति में सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं पर चर्चा तेज हो गई है।



