जयपुर। राजस्थान कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी ने राजस्थान के तीन सह-प्रभारी सचिवों को पद से हटा दिया है, जबकि उनकी जगह चार नए नेताओं को सह-प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही राजस्थान के छह नेताओं को राष्ट्रीय सचिव नियुक्त कर अलग-अलग राज्यों का सह-प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस के इस फेरबदल में सांसद संजना जाटव, पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा और विजय जांगिड़ को राष्ट्रीय सचिव के पद से हटा दिया गया है। वहीं, राजस्थान के सह-प्रभारी सचिव रहे चिरंजीव राव, ऋतिक मकवाना और पूनम पासवान को भी इन जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।
राजस्थान के चार नए सह-प्रभारी सचिव नियुक्त
राजस्थान में संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए विश्व विजय सिंह, पलक वर्मा, मनोज बागड़ी और पोरलक खारते को सह-प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी ने इन चारों नेताओं को राजस्थान में संगठन की गतिविधियों और राजनीतिक गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
राजस्थान के छह नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने राजस्थान से छह नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाकर अलग-अलग राज्यों में सह-प्रभारी नियुक्त किया है। इनमें सेवा दल के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत, विधायक डूंगर राम गेदर, पूर्व विधायक धीरज गुर्जर, दानिश अबरार, जगदीश जांगिड़ और रेहाना रियाज शामिल हैं। हेम सिंह शेखावत और डूंगर राम गेदर को पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर यह जिम्मेदारी मिली है।
किस नेता को किस राज्य की जिम्मेदारी?
- हेम सिंह शेखावत: गुजरात
- धीरज गुर्जर: जम्मू-कश्मीर
- दानिश अबरार: दिल्ली
- जगदीश जांगिड़: उत्तर प्रदेश
- डूंगर राम गेदर: मणिपुर, त्रिपुरा और सिक्किम
- रेहाना रियाज: महाराष्ट्र
कांग्रेस के इस संगठनात्मक फेरबदल को राजस्थान की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। एक ओर छह नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिली है, वहीं संजना जाटव और दिव्या मदेरणा जैसे चर्चित चेहरों को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाए जाने के बाद सियासी हलकों में इस बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



