चूरू। राजस्थान की ग्रामीण सियासत में जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने कई राजनीतिक परिवारों की प्रतिष्ठा का फैसला कर दिया है। कहीं जीत के बाद जश्न का माहौल है तो कहीं हार ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को मायूस किया है। इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के परिवार के लिए जिला परिषद चुनाव दोहरी खुशियां लेकर आया है। चूरू जिला परिषद चुनाव में राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ ने वार्ड संख्या 39 से जीत दर्ज की है। वहीं उनकी पुत्रवधू कनिका सिंह राठौड़ ने भी वार्ड संख्या 23 से जीत हासिल कर परिवार की खुशी दोगुनी कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पराक्रम सिंह राठौड़ 7,633 वोट हासिल कर विजयी घोषित हुए हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद राठौड़ परिवार ने पंचायत चुनाव में शानदार वापसी की है। खास बात यह है कि कनिका सिंह राठौड़ को चूरू जिला प्रमुख पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। चूरू में जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, ऐसे में उनकी जीत के बाद इस पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि जिला प्रमुख की कुर्सी का फैसला जिला परिषद में बहुमत और सदस्यों के समर्थन पर निर्भर करेगा। अब सबकी निगाहें 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख के चुनाव पर टिकी हैं। यदि भाजपा बहुमत का आंकड़ा जुटाने में सफल रहती है तो कनिका सिंह राठौड़ की दावेदारी और मजबूत हो सकती है।
राजनीतिक लिहाज से देखें तो विधानसभा चुनाव में तारानगर से मिली हार के बाद राजेंद्र राठौड़ परिवार के लिए यह जीत काफी अहम मानी जा रही है। बेटे और बहू की एक साथ जीत ने चूरू की राजनीति में राठौड़ परिवार का दबदबा फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल राठौड़ परिवार में डबल जीत का जश्न है, लेकिन असली राजनीतिक परीक्षा जिला प्रमुख के चुनाव में होगी।



