जयपुर। राजस्थान विधानसभा में बच्चों के लिए आयोजित एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने ‘विजन 2047’ पोस्टर का विमोचन किया। फ्यूचर सोसायटी और यूनिसेफ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधायी संस्थाओं की कार्यप्रणाली और विकसित भारत की संकल्पना से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने राजस्थान विधानसभा परिसर का भ्रमण किया और विधानसभा के संग्रहालय का अवलोकन किया। संग्रहालय में प्रदर्शित ऐतिहासिक सामग्री, तस्वीरों और विधानसभा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के माध्यम से बच्चों को प्रदेश की संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिला। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बच्चों को विधानसभा की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जहां जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि प्रदेश के विकास, जनहित और जनसमस्याओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हैं। कानून निर्माण, जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने में विधानसभा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि विश्व बाल दिवस की सार्थकता तभी है जब बच्चे अपनी ज़िम्मेदारी भी समझेंगे।गौरतलब है कि “विज़न 47” का यह अभियान एक साल चलेगा। राजस्थान की सभी 200 विधानसभा में विधायकों और मंत्रियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर फ़्यूचर सोसायटी से डॉक्टर मीना शर्मा, यूनिसेफ़ के कम्यूनिकेशन स्पेशलिस्ट अंकुश सिंह और चाइल्ड प्रोटेक्शन स्पेशलिस्ट डॉक्टर संजय निराला व सोसायटी की ममता कौशिक मौजूद रहे।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने बच्चों के साथ विकसित भारत की संकल्पना को लेकर संवाद किया। उन्होंने बच्चों को देश के भविष्य के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना साकार करने में नई पीढ़ी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बच्चों में शिक्षा, वैज्ञानिक सोच, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को भविष्य के लक्ष्यों के प्रति जागरूक रहने तथा देश और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान बच्चों को अपने विचार रखने और भविष्य के भारत को लेकर अपनी कल्पनाएं साझा करने का अवसर भी मिला।
विजन 2047 से भविष्य के राजस्थान की परिकल्पना
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘विजन 2057’ पोस्टर का विमोचन रहा। इस पहल के माध्यम से भविष्य के राजस्थान और विकसित भारत की परिकल्पना को बच्चों के सामने प्रस्तुत किया गया। पोस्टर के जरिए नई पीढ़ी को विकास के दीर्घकालिक लक्ष्यों, भविष्य की संभावनाओं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
लोकतांत्रिक संस्थाओं से परिचित हुए बच्चे
विधानसभा भ्रमण के दौरान बच्चों ने केवल विधानसभा भवन और संग्रहालय को ही नहीं देखा, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के व्यावहारिक स्वरूप को समझने का भी प्रयास किया। इस तरह की गतिविधियां बच्चों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर देश की संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान करती हैं।फ्यूचर सोसायटी और यूनिसेफ के इस आयोजन के माध्यम से बच्चों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और भविष्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने बच्चों को यह समझने का अवसर दिया कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के विकास के सहभागी बनेंगे।
2047 के राजस्थान में बच्चों की भूमिका
विश्व बाल दिवस 2026 के अवसर पर फ्यूचर सोसाइटी एवं UNICEF के संयुक्त तत्वावधान में ‘2047 के राजस्थान में बच्चों की भूमिका’ पर आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य राजस्थान के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के बच्चों की आवाज़, विचारों और भविष्य की कल्पनाओं को नीति-निर्माताओं एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुँचाना है। इस अभियान के अंतर्गत बच्चे पत्र, पोस्टकार्ड और वीडियो संदेशों के माध्यम से साझा करेंगे कि वे वर्ष 2047 में राजस्थान को कैसा देखना चाहते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, बाल सुरक्षा, समानता, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बच्चे अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे। डॉ मीना शर्मा ने बताया कि यह पहल बच्चों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने, उनकी भागीदारी बढ़ाने और विकसित राजस्थान के निर्माण में उनकी भूमिका सुनिश्चित करने का एक प्रयास है।



